*रसोई गैस पर 'बीमा अनिवार्य' बताकर वसूली से उपभोक्ता नाराज, जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग*
लखीमपुर खीरी Apr 16, 2026 at 06:03 PM , 29लखीमपुर खीरी। कस्बा खीरी टाऊन में रसोई गैस उपभोक्ताओं से बीमा अनिवार्य बताकर की जा रही धन वसूली को लेकर नाराजगी का माहौल है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी कर्मी घर-घर और दुकान-दुकान जाकर 'ग्राहक बीमा' के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूल रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले से ही रसोई गैस मनचाहे समय पर नहीं मिल पा रही है, ऊपर से एजेंसी पर आए दिन नए नियम लागू कर दिए जाते हैं, जो ग्राहकों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। पिछले कई दिनों से 'बीमा अनिवार्य' का नया नियम लागू होने से नागरिकों में आक्रोश बढ़ रहा है।
बाजार के दुकानदारों ने इस वसूली को अनुचित बताया है। होटल गौसिया के संचालक गुड्डू ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एक तरफ दुकानदारों को कमर्शियल गैस सिलेंडर समय से नहीं दिए जा रहे और रसोई गैस सिलेंडर के इस्तेमाल को गलत बताया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ बीमा पॉलिसी के नाम पर अतिरिक्त चार्ज भी वसूला जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रति सिलेंडर की कीमतों में पहले से ही इजाफा हो चुका है।
चाय व खानपान की दुकान चलाने वाले अन्य कारोबारियों ने कहा कि वे परिवार की जीविका चलाने के लिए पहले से संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में अतिरिक्त वसूली से उनका संघर्ष और जटिल हो गया है।
सभी कारोबारियों ने जिला प्रशासन से मामले में ध्यान देने और उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।































Comments