*नल के पानी को लेकर खूनी संघर्ष, बीच-बचाव करने गए युवक पर धारदार हथियार से हमला* *सिर फटने से हालत गंभीर, लखीमपुर रेफर, धौरहरा थाने में तहरीर*
लखीमपुर खीरी May 15, 2026 at 07:30 PM , 2*धौरहरा, लखीमपुर खीरी।* नल के पानी को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। बीच-बचाव करने गए युवक पर चार लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। सिर फटने से गंभीर रूप से घायल युवक को डॉक्टरों ने लखीमपुर रेफर कर दिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
मेरी जानकारी के अनुसार घटना धौरहरा थाना क्षेत्र की है। मोहल्ला अमृत पुरम निवासी अतहर पुत्र खलीद खां अपने खेत स्थित सिपाही पुरवा में एक दुकान पर बैठा था। इसी दौरान एक युवक वहां नल पर पानी लेने पहुंचा। आरोप है कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने दबंगई दिखाते हुए युवक से गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख अतहर ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इससे नाराज होकर कस्बे के ही चार लोगों ने अतहर पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने अतहर को बेरहमी से पीटा और धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले में अतहर का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजन घायल अतहर को लेकर सीएचसी धौरहरा पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल लखीमपुर रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष ने धौरहरा थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। धौरहरा पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।































Comments