20 किलोमीटर दूर से गैस लेने पहुंचे दिव्यांग को केवाईसी के नाम पर लौटाया बुकिंग के बाद भी नहीं मिला सिलेंडर

लखीमपुर खीरी , 3

(मनोज मिश्र)

धौरहरा, खीरी।
दिव्यांगों के प्रति संवेदनहीनता का मामला सामने आया है। जटपुरवा निवासी एक दिव्यांग युवक शुक्रवार सुबह करीब 20 किलोमीटर ट्राई साइकिल चलाकर गैस सिलेंडर लेने धौरहरा स्थित श्री गणेश गैस सर्विस (भारत गैस) एजेंसी पहुंचा, लेकिन एजेंसी संचालकों ने केवाईसी न होने का हवाला देकर सिलेंडर देने से इनकार कर दिया। थक-हारकर युवक को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।  
 जानकारी के अनुसार ग्राम जटपुरवा निवासी कपिल पुत्र राम गोपाल दिव्यांग हैं। उसके पिता रामगोपाल पुत्र चन्द्रभाल के नाम से भारत गैस कनेक्शन की क्रम संख्या 18462 है। उन्होंने 28/04/2026 को रिफिल बुकिंग संख्या 9389 से सिलेंडर बुक किया था। बुकिंग कन्फर्म होने का मैसेज भी उनके पास आया था। मैसेज मिलने के बाद शुक्रवार सुबह वह ट्राई साइकिल से करीब 20 किलोमीटर का सफर तय कर धौरहरा एजेंसी पहुंचे।  
 उपभोक्ता रामगोपाल के दिव्यांग पुत्र कपिल का आरोप है कि एजेंसी पहुंचने पर कर्ता-धर्ताओं ने केवाईसी न होने की बात कहकर सिलेंडर देने से मना कर दिया और केवाईसी कराने की नसीहत देकर वापस भेज दिया।  
उपभोक्ता का कहना है कि अगर केवाईसी पूरी नहीं थी तो 28 अप्रैल को रिफिल बुकिंग कैसे हुई और बुकिंग संख्या का मैसेज कैसे मिला। 20 किलोमीटर दूर से आए दिव्यांग को बिना सिलेंडर लौटाना मानवता के खिलाफ है।  
क्षेत्रीय लोगों ने दिव्यांग उपभोक्ता के साथ हुए व्यवहार की निंदा की है और एजेंसी पर कार्रवाई के साथ-साथ दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था की मांग की है।
पूर्ति निरीक्षक धौरहरा रमेश कुमार वर्मा ने बताया कि डेटा भेज दीजिए चेक कराने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

Related Articles

Comments

Back to Top