लघु सिंचाई विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों से जातिसूचक गालियों व धमकी का आरोप, डीएम से न्याय की गुहार

लखीमपुर खीरी , 51

लखीमपुर-खीरी। लघु सिंचाई विभाग में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने अधिकारियों पर जातिसूचक गालियाँ देने, अभद्र भाषा का प्रयोग करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित कर्मचारियों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि सहायक अभियंता, लघु सिंचाई, खीरी एवं अवर अभियंता मुख्यालय, अधिशासी अभियंता, लघु खंड, सीतापुर द्वारा कार्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को लगातार "सस्पेंड कर दूंगा" जैसी धमकियाँ दी जा रही हैं। साथ ही जातिसूचक गालियों व अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है।
आरोप है कि अधिकारियों द्वारा कहा जाता है कि "तुम लोग दलित समाज से हो, बाहर जाकर बैठो, तुम चमार, पासी हो", तथा अन्य अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया जाता है।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अनिल कुमार राज ने बताया कि वह अपनी बात रखने में भी असमर्थ हैं। जब भी किसान संगठन अथवा पत्रकार कार्यालय की खबरें कवर करते हैं, तो अधिकारियों द्वारा आरोप लगाया जाता है कि उन्होंने ही मीडिया व किसान संगठनों को जानकारी दी है। इसी आधार पर आए दिन मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है।कर्मचारियों ने सवाल उठाया कि उनसे ऐसा कौन सा गोपनीय कार्य कराया जाता है जिसके कारण कार्यालय रात्रि 10:00 बजे तक खुला रहता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में कार्यालय में कोई अप्रिय घटना घटित होती है तो उसके लिए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी जिम्मेदार नहीं होंगे। इसकी पूर्ण जिम्मेदारी सहायक अभियंता, अधिशासी अभियंता एवं अवर अभियंता मुख्यालय की होगी।पीड़ित कर्मचारियों ने जिलाधिकारी से उक्त प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध विधिक एवं विभागीय कार्रवाई की मांग की है, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।

Related Articles

Comments

Back to Top