लखीमपुर-मैलानी-नानपारा रेल परियोजना के सर्वे को मंजूरी, 130 साल पुरानी लाइन रहेगी हेरिटेज
लखीमपुर खीरी Apr 15, 2026 at 06:16 PM , 52लखीमपुर-खीरी। जिले में रेल विकास को लेकर बड़ी खबर सामने है। रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा भेजे गए पत्र में लखीमपुर-मैलानी-नानपारा रेल परियोजना पर महत्वपूर्ण प्रगति की जानकारी दी गई है।
सांसद उत्कर्ष वर्मा ‘मधुर’ ने बताया कि उन्होंने लोकसभा के शून्यकाल में मैलानी-नानपारा रेल लाइन और लखीमपुर/गोला गोकर्णनाथ से दिल्ली के बीच नई ट्रेनों का मुद्दा उठाया था। इस पर रेल मंत्रालय ने नानपारा-मैलानी खंड के सर्वेक्षण को मंजूरी दे दी है।
प्रस्तावित कार्यों में नानपारा-रायबोझा आमान परिवर्तन, रायबोझा-भीरा खीरी नई रेल लाइन तथा खीरी-मैलानी आमान परिवर्तन शामिल हैं। डीपीआर तैयार होने के बाद नीति आयोग और वित्त मंत्रालय से अनुमोदन लेकर आगे की स्वीकृति दी जाएगी।
रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि मैलानी-नानपारा की करीब 130 वर्ष पुरानी रेल लाइन को 6 अक्टूबर 2025 से हेरिटेज सूची में शामिल किया गया है और इसे बंद करने का कोई प्रस्ताव नहीं है।वर्तमान में लखीमपुर और गोला गोकर्णनाथ को सीतापुर से 5-5 जोड़ी ट्रेनों से जोड़ा गया है। सीतापुर से दिल्ली के लिए भी 5 जोड़ी ट्रेनें संचालित हैं। नई ट्रेनें यातायात औचित्य, परिचालनिक व्यवहार्यता और संसाधनों की उपलब्धता के आधार पर चलाई जाएंगी।
सांसद उत्कर्ष वर्मा ‘मधुर’ ने रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का आभार जताते हुए कहा कि यह परियोजना खीरी के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।































Comments