आंधी बारिश ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर फेरा पानी

लखीमपुर खीरी , 65

निघासन-खीरी। बीते दिनों आई बेमौसम आंधी, तेज बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी और कटी हुई गेहूं समेत रबी की फसलें बड़े पैमाने पर बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण फसलें खेतों में गिर गईं और कई जगह पानी में भीगकर खराब हो गईं। जिन किसानों ने फसल की कटाई कर ली थी, उनकी उपज भी सुरक्षित नहीं रह सकी। इस नुकसान से किसानों की लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक आर एस कुशवाहा ने इस मुद्दे को उठाते हुए सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से जारी बयान में कहा कि किसान पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं, ऐसे में इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी कमर तोड़ दी है। उन्होंने विशेष रूप से लखीमपुर खीरी क्षेत्र की स्थिति को बेहद चिंताजनक बताया। उन्होंने सरकार से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत सर्वे कराया जाए और किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही फसल बीमा की राशि शीघ्र किसानों तक पहुंचाने की भी अपील की है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। श्री कुशवाहा ने कहा कि “किसान मजबूत रहेगा, तभी देश मजबूत रहेगा”, इसलिए इस कठिन समय में किसानों के साथ खड़ा होना अत्यंत आवश्यक है।

बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष आई बाढ़ से उबर नहीं पाए किसानों पर इस आपदा ने दोहरी मार की है। ऐसे में सरकार और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई ही किसानों को राहत पहुंचा सकती है।

Related Articles

Comments

Back to Top