समाजसेवी ने अग्नि पीड़ितों को खाद्य सामग्री की वितरित
लखीमपुर खीरी Apr 13, 2026 at 05:55 PM , 67निघासन खीरी। तहसील निघासन के ग्राम पंचायत बरोठा के देवीदीन पुरवा में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक लगी भीषण आग ने देखते ही देखते पांच घरों और एक दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में सारा सामान जलकर राख हो गया, जिससे पीड़ित परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए और उनके पास खाने-पीने तक का सामान नहीं बचा।
इस कठिन समय में समाजसेवी रमाशंकर निषाद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अग्नि पीड़ित परिवारों की मदद के लिए खाद्य सामग्री वितरित की। उन्होंने पीड़ितों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया और प्रशासन से भी जल्द मदद पहुंचाने की मांग की।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें।































Comments