भूमि विवाद से पीड़ित परिवार का आमरण अनशन प्रशासन के आश्वासन पर खत्म

लखीमपुर खीरी , 27

निघासन खीरी।। तहसील क्षेत्र में भूमि विवाद का मामला उस समय गंभीर रूप लेता नजर आया, जब न्याय न मिलने से आहत एक पीड़ित परिवार ने तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया। हालांकि प्रशासन के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद अनशन समाप्त करा दिया गया।
ग्राम भेड़ौरी पर खैरीगढ़ निवासी महेश प्रताप पुत्र सियाराम व उनकी पत्नी रीता देवी ने आरोप लगाया कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। पीड़ित के अनुसार, उनकी भूमि गाटा संख्या 956/0.0970 में 0.03230 हेक्टेयर तथा गाटा संख्या 781/0.69230 में 0.170 हेक्टेयर दर्ज है, जिस पर 30 जनवरी 2026 से कब्जा किया गया है। साथ ही उनकी गौशाला पर भी अतिक्रमण होने की बात कही गई है।
पीड़ित का आरोप है कि कब्जा करने वाले लोग प्रभावशाली हैं और स्वयं को एक संगठन से जुड़ा बताकर लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई बार प्रशासन व पुलिस से शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, बल्कि उन पर दबाव बनाकर झूठे मुकदमों में फंसाने की कोशिश की जा रही है, जिससे परिवार मानसिक रूप से परेशान है।
न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार ने तहसील परिषद परिसर निघासन में आमरण अनशन शुरू कर दिया। परिवार का कहना था कि जब तक उनकी जमीन से अवैध कब्जा नहीं हटाया जाएगा, तब तक वे अनशन जारी रखेंगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) निघासन राजीव निगम ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने राजस्व विभाग की टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए तथा भूमि की पैमाइश कराने का आदेश दिया। साथ ही दोनों पक्षों के अभिलेखों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
प्रशासन के आश्वासन के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित से वार्ता की, जिसके उपरांत आमरण अनशन समाप्त करा दिया गया। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र ही उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Comments

Back to Top