*अधर में लटका सुजईकुंड़ा पुल निर्माण, 30 गांवों के लोगों ने तहसील में किया प्रदर्शन*
लखीमपुर खीरी May 19, 2026 at 07:10 PM , 4*भाजपा नेता के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन, दलदल का हवाला देकर रोका गया था काम*
*धौरहरा, खीरी (मनोज मिश्र)।* सुजईकुंड़ा सहित करीब तीन गांवों को जोड़ने वाले पुल का निर्माण अधर में लटकने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को भाजपा नेता कन्हैया बाजपेयी के नेतृत्व में 30 गांवों के सैकड़ों लोग हाथों में तख्तियां लेकर तहसील पहुंचे और पुल निर्माण की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि सुजईकुंड़ा पुल के निर्माण को लेकर करीब 30 साल से संघर्ष चल रहा था। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद विधायक ने शिलान्यास भी कर दिया था। कुछ दिन काम चलने के बाद दलदल का हवाला देकर निर्माण फिर से रोक दिया गया। सुजईकुंड़ा, पंडितपुरवा, बिंजहा भटपुरवा, धारीदासपुरवा समेत 30 गांवों के लोग तहसील पहुंचे और पुल निर्माण की तख्ती लेकर नारेबाजी की। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम शशिकांत मणि को सौंपा। एसडीएम ने ज्ञापन को मुख्यमंत्री तक भेजने का भरोसा दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल न होने से बरसात में आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है। मरीजों, स्कूली बच्चों और किसानों को भारी दिक्कत होती है। कई बार हादसे भी हो चुके हैं। अब पुल का काम जल्द शुरू न हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।































Comments