*मनरेगा महासंघ ने DM को सौंपा सीएम योगी को संबोधित 6 सूत्रीय ज्ञापन*
लखीमपुर खीरी May 19, 2026 at 06:20 PM , 5*वकीलों के टूटे चैंबर पर 10-10 लाख मुआवजे की मांग, जिले भर में सार्वजनिक शौचालय व हैंडपंप दुरुस्त कराने पर जोर*
*लखीमपुर खीरी।* मनरेगा मजदूर मिस्त्री महासंघ भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विश्वकर्मा समाज के वरिष्ठ नेता ऋषि संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में सोमवार 19 मई 2026 को प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह से मुलाकात कर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित 6 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
*प्रमुख मांगे:*
*1. नसरुद्दीन बिलोबी मेमोरियल हाल:* श्री शर्मा ने बताया कि लखीमपुर में नसरुद्दीन बिलोबी मेमोरियल हाल का प्रांगण बरसात में तालाब की तरह भर जाता है। प्रांगण को लगभग तीन फुट ऊंचा पटवाने और टिन शेड के नीचे फैली गंदगी साफ कराने की मांग की।
*2. रेलवे क्रॉसिंग पर बैरिकेडिंग:* राष्ट्रीय प्रभारी सोशल मीडिया एडवोकेट मिश्रा शर्मा ने कहा कि लखीमपुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे क्रासिंग पर आए दिन जाम और दुर्घटनाएं होती हैं। यहां से संकटा देवी चौराहा व गोला-देवली रोड तिराहा तक बैरिकेडिंग लगाई जाए। गोला गोकर्णनाथ में जंगल के पास कोटवारा तिराहा पर भी ओवरब्रिज से सीजीएन पीजी कॉलेज तक बैरिकेडिंग की मांग की।
*3. शौचालय व हैंडपंप की मरम्मत:* मनरेगा अध्यक्ष ने कहा कि पूरे जिले में विकास भवन, तहसील, ब्लॉक, ग्राम पंचायतों के सार्वजनिक/सुलभ शौचालयों की सफाई नहीं होती। टूटे शौचालयों की रिपेयरिंग और सभी बंद पड़े हैंडपंप ठीक कराकर आसपास की गंदगी साफ कराई जाए।
*4. स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त हों:* गोला-मोहम्मदी सहित पूरे जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सातों दिन एक्स-रे सुविधा नहीं है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ग्लूकोज न चढ़ने से मरीज परेशान हैं। हेल्थ एटीएम से जांच न होने पर सख्त निर्देश देकर संचालन कराने की मांग की।
*5. अधिवक्ताओं को मुआवजा:* लखनऊ में वकीलों के चैंबर तोड़े जाने और बेरहमी से मारपीट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जिन अधिवक्ताओं के चैंबर तोड़े गए हैं उन्हें सरकारी चैंबर दिए जाएं। अपमानित अधिवक्ताओं को 10-10 लाख रुपये देकर सम्मानित किया जाए।
*6. ग्राम पंचायतों से अतिक्रमण हटे:* शहरों की तरह लखीमपुर खीरी सहित पूरे प्रदेश की ग्राम पंचायतों से अतिक्रमण हटाया जाए। साथ ही बताया कि जिले में सुबह 3 बजे ग्राम समाज के पेड़ चोरी-छिपे ठेकेदारों द्वारा काटकर बेचे जा रहे हैं। शिकायत करने पर पुलिस शिकायतकर्ता का नाम ठेकेदारों को बता देती है।
*ये रहे मौजूद:* प्रतिनिधिमंडल में एडवोकेट मिश्रा शर्मा, एडवोकेट अमरकेश, एडवोकेट ललित कुमार, आवरण शर्मा आदि मौजूद रहे।































Comments