यूपी में सात औद्योगिक इकाइयों को वित्तीय प्रोत्साहन देने के प्रस्ताव मंजूर

अन्य खबरे , 4

मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में हुई एम्पावर्ड कमेटी की बैठक, औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को मिलेगा बढ़ावा

लखनऊ, 23 नवंबर। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में सोमवार को औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति-2017 के तहत गठित एम्पावर्ड कमेटी की बैठक हुई। इसमें सात औद्योगिक इकाइयों को वित्तीय प्रोत्साहन वितरित किए जाने संबंधी प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।

बैठक में नीति के प्रावधानों के तहत पात्र औद्योगिक इकाइयों को अनुमन्य अवधि के लिए वित्तीय प्रोत्साहन देने के प्रस्तावों पर विचार किया गया। स्वीकृति प्राप्त करने वाली इकाइयों में मेसर्स वरुण बेवरेजेज लिमिटेड (हरदोई), मेसर्स सिल्वरटॉन इंडस्ट्रीज लिमिटेड (मुजफ्फरनगर), मेसर्स वंडर सीमेंट लिमिटेड (अलीगढ़), मेसर्स मून बेवरेजेज लिमिटेड (हापुड़), मेसर्स अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड (सोनभद्र), मेसर्स एसीसी लिमिटेड (अमेठी) और मेसर्स गैलेंट इस्पात लिमिटेड (गोरखपुर) शामिल हैं।

सरकार के इस फैसले से प्रदेश में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिलने के साथ उद्योगों के विस्तार और विकास को गति मिलेगी। साथ ही रोजगार सृजन के लिए अनुकूल वातावरण मजबूत होगा और प्रदेश की औद्योगिक अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

बैठक में प्रमुख सचिव राज्य कर कामिनी रतन चौहान, प्रमुख सचिव एमएसएमई शशि भूषण लाल सुशील, इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय किरण आनंद, सचिव नियोजन डॉ. राज शेखर, सचिव वित्त संदीप कौर, विशेष सचिव न्याय मनमीत सूरी तथा पिकप के प्रबंध निदेशक चंद्र विजय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top