*23 से 30 नवम्बर तक आयोजित होगा विशेष रोजगार सप्ताह*

अन्य खबरे , 4

*ग्रामीण श्रमिकों को गांव में ही मिलेगा अधिकाधिक रोजगार*
                        : *श्री केशव प्रसाद मौर्य*

*जल संरक्षण, टिकाऊ परिसम्पत्तियों के निर्माण और आजीविका संवर्द्धन पर रहेगा विशेष जोर*

लखनऊ:22 नवम्बर 2026
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने विकसित भारत-जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 23 से 30 नवम्बर, 2026 तक प्रदेश में विशेष रोजगार सप्ताह आयोजित करने के निर्देश ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि विशेष रोजगार सप्ताह के दौरान जनपदवार मानव दिवस सृजन के निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित की जाए तथा अधिकतम पात्र श्रमिकों को उनकी मांग के अनुरूप वास्तविक रोजगार उपलब्ध कराया जाए।

श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गत 12 अक्टूबर, 2026 को विशेष रोजगार सृजन दिवस आयोजित किया गया था, जिसमें जनपदों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मानव दिवस सृजन के साथ-साथ योजना की निर्धारित चार थीम के अनुरूप बड़े पैमाने पर जनोपयोगी कार्य भी कराए गए। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए विशेष रोजगार सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण श्रमिकों को उनके गांव में ही पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ गांवों में टिकाऊ परिसम्पत्तियों का निर्माण भी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने जल संरक्षण, ग्रामीण आजीविका संवर्द्धन तथा जनोपयोगी कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

उप मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में पिछले दिनों प्रमुख सचिव, ग्राम्य विकास श्री सौरभ बाबू की अध्यक्षता में वीबी-जी राम जी स्टेट सेल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी जनपदों के मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ), उपायुक्त श्रम-रोजगार तथा मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। प्रमुख सचिव ने विभिन्न जनपदों में योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष अधिकाधिक मानव दिवस सृजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समय से ई-मस्टर रोल जारी करने तथा श्रमिकों को उनकी मांग के अनुरूप तत्काल काम उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि विशेष रोजगार सप्ताह  का 23 से 30 नवम्बर तक अभियान का प्रभावी एवं सफल आयोजन सुनिश्चित हो  उल्लेखनीय है कि कृषि कार्यों में बुवाई एवं कटाई की व्यस्त अवधि को देखते हुए शासन द्वारा 01 से 20 नवम्बर, 2026 तक योजना के अंतर्गत कार्यों की निलंबन अवधि निर्धारित की गई थी। इस अवधि में आगामी कार्यों के चयन, कार्ययोजना तैयार करने तथा अन्य आवश्यक तैयारियां पूरी की गई हैं।

योजना के अंतर्गत अनुमन्य 375 कार्यों में से ऐसे कार्यों का चयन करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनमें अधिकाधिक श्रमिकों को रोजगार मिल सके और जो ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप उपयोगी हों। इनमें तालाब खुदाई, खेल मैदान, अन्नपूर्णा भवन निर्माण, जल संरक्षण एवं अन्य जनोपयोगी कार्य शामिल हैं। विशेष रोजगार सप्ताह के दौरान टिकाऊ परिसम्पत्तियों के निर्माण, जल सुरक्षा, जल संरक्षण तथा ग्रामीण आजीविका संवर्द्धन से जुड़े कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।

जल संरक्षण के महत्व को देखते हुए अति-शोषित (Over-exploited), गंभीर (Critical), अर्ध-गंभीर (Semi-critical) एवं सुरक्षित (Safe) श्रेणी के विकासखंडों में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार जल संरक्षण संबंधी कार्यों का चयन एवं क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही आजीविका मिशन से संबंधित उन कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाएगी, जो विकसित भारत-जी राम जी योजना के अंतर्गत अनुमन्य हैं, जिससे रोजगार के साथ ग्रामीण परिवारों की आजीविका के स्थायी अवसर विकसित हो सकें।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं प्रामाणिकता सुनिश्चित करने के लिए सभी चयनित कार्यों की शुरुआत से पूर्व फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी अनिवार्य की गई है। कार्यस्थलों पर ड्रोन के माध्यम से भी फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई जाएगी, जिससे कार्य प्रारम्भ होने से लेकर पूर्ण होने तक की स्थिति का तुलनात्मक आकलन किया जा सके। मुख्य विकास अधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में कार्यों का नियमित औचक निरीक्षण करने तथा अभियान की सघन निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

विशेष रोजगार सप्ताह के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनपद स्तर पर मुख्य विकास अधिकारियों की देखरेख में विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसके तहत उपायुक्त श्रम-रोजगार एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के दायित्व निर्धारित किए जाएंगे। नामित अधिकारी ग्राम पंचायतों का नियमित निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करेंगे कि पात्र श्रमिकों को नियमानुसार रोजगार उपलब्ध हो रहा है तथा शासन द्वारा जारी निर्देशों का पूरी तरह अनुपालन किया जा रहा है।

प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विशेष रोजगार सप्ताह को पूरी गंभीरता एवं प्रभावी कार्ययोजना के साथ संचालित किया जाए। निर्धारित रोजगार लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति के साथ जल संरक्षण, टिकाऊ परिसम्पत्तियों के निर्माण और आजीविका संवर्द्धन के कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

बैठक में आयुक्त, ग्राम्य विकास श्री प्रमोद कुमार उपाध्याय, अपर आयुक्त सुश्री नेहा बंधु, विशेष सचिव श्री मनोज सिंह तथा संयुक्त आयुक्त श्री नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, श्री जनमेजय शुक्ला एवं श्री दिग्विजय नाथ पांडेय सहित मुख्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top