सोनभद्र में नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार, तस्करी की कमाई से बना 87 लाख का मकान कुर्क

अन्य खबरे , 12

**पत्नी के नाम पर खरीदी गई संपत्ति पर पुलिस की कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक सात मामलों में 6.43 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज**
 
**सोनभद्र, 22 नवंबर।** मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित संपत्ति के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना चोपन पुलिस ने हेरोइन की तस्करी से कमाई गई रकम से पत्नी के नाम पर निर्मित 87.04 लाख रुपये कीमत के मकान को फ्रीज/कुर्क कर दिया। पुलिस की यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) के तहत सक्षम प्राधिकारी के आदेश पर की गई है।
 
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मेविस टॉक के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना चोपन पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
 
पुलिस के मुताबिक, थाना चोपन में दर्ज मुकदमा संख्या 0319/2026, धारा 8/21/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट से संबंधित अभियुक्त सुधीर उर्फ छोटे और उसकी पत्नी सुनीता देवी उर्फ बुचिया निवासी डाला चढ़ाई, थाना चोपन द्वारा हेरोइन की अवैध तस्करी से अर्जित धनराशि से मकान बनवाया गया था। यह मकान पत्नी सुनीता देवी के नाम पर था। इसकी कीमत 87,04,283.59 रुपये आंकी गई है।
 
सक्षम प्राधिकारी एवं निरीक्षण अधिकारी, एनडीपीएस अधिनियम, नई दिल्ली द्वारा 11 नवंबर 2026 को जारी आदेश संख्या NDPSA/FO/1409/DEL/2026 के अनुपालन में 22 नवंबर को संपत्ति फ्रीज/कुर्क की गई। कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी ओबरा रवि कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा मौजूद रहे। पर्याप्त पुलिस बल की उपस्थिति में संबंधित अचल संपत्ति पर कार्रवाई की गई।
 
**16 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल**
 
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल 16 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मुख्य अभियुक्त सुधीर उर्फ छोटे भी इसी मुकदमे में जेल में निरुद्ध है। उसकी पत्नी सुनीता देवी के विरुद्ध भी एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सुधीर उर्फ छोटे का भी पूर्व में एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में आपराधिक इतिहास रहा है।
 
**सात मामलों में 6.43 करोड़ की संपत्ति फ्रीज**
 
सोनभद्र पुलिस के अनुसार, जनपद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 68E और 68F के तहत अब तक सात मामलों में कुल 6,43,29,978.59 रुपये की संपत्ति जब्त/फ्रीज की जा चुकी है। इसमें कोडीनयुक्त कफ सिरप और हेरोइन की तस्करी से जुड़े मामले भी शामिल हैं।
 
थाना रॉबर्ट्सगंज के कोडीनयुक्त कफ सिरप मामले में सर्वाधिक 4,50,13,541 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है। थाना अनपरा में 26,62,165 रुपये, थाना शक्तिनगर के एक मामले में 15,72,140 रुपये, रॉबर्ट्सगंज के दूसरे हेरोइन मामले में 1,08,156 रुपये, थाना म्योरपुर में 38,83,693.52 रुपये और शक्तिनगर के दूसरे मामले में 23,86,000 रुपये की संपत्ति जब्त/फ्रीज की गई है।
 
वहीं अब चोपन के इस मामले में 87,04,283.59 रुपये की संपत्ति फ्रीज किए जाने के बाद पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार से अर्जित आर्थिक साम्राज्य पर एक और बड़ी चोट माना जा रहा है।
 
**सोनभद्र पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अपराधियों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति को चिह्नित कर जब्त और फ्रीज करने की कार्रवाई भी लगातार जारी रहेगी।**

Related Articles

Comments

Back to Top