सेंट फ्रांसिस स्कूल में विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों और बाल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

अन्य खबरे , 3

‘एक स्वर, एक संविधान’ अभियान के तहत प्रस्तावना का कराया गया सामूहिक पाठ, सुरक्षित बचपन अभियान में बच्चों को बताए गए उनके अधिकार

लखनऊ, 23 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को आयोजित होने वाले प्रदेशव्यापी ‘एक स्वर, एक संविधान’ अभियान के तहत सोमवार को हजरतगंज स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों और बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मल्खान सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में प्राधिकरण की सचिव सोनाली पूनिया ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले प्रदेशव्यापी अभियान के तहत भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ के महत्व की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ भी कराया गया।

सोनाली पूनिया ने कहा कि संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्श भारतीय लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करे और उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करे। विद्यार्थियों को संविधान के मूल सिद्धांतों और नागरिक कर्तव्यों की जानकारी देते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

### सुरक्षित बचपन अभियान में बच्चों को बताए सुरक्षा के उपाय

कार्यक्रम के दौरान ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत बच्चों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों को लेकर भी विशेष जागरूकता दी गई। विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और अनुचित व्यवहार की पहचान के बारे में बताया गया। साथ ही सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के अंतर को समझाते हुए किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में बिना डर या संकोच के विश्वसनीय व्यक्ति अथवा संबंधित प्राधिकरण से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना विकसित करने के साथ उन्हें संविधान के मूल आदर्शों के प्रति प्रतिबद्ध बनाना और बाल अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थी एवं संबंधित लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top