आयुष्मान अस्पतालों के आईसीयू की होगी विशेष जांच, मरीजों की सुरक्षा के लिए योगी सरकार का बड़ा फैसला
अन्य खबरे Nov 23, 2026 at 06:05 PM , 4साचीज ने निजी अस्पतालों के लिए जारी की विस्तृत चेकलिस्ट, 30 नवंबर तक ऑडिट एजेंसियों को देनी होगी रिपोर्ट
वेंटिलेटर, ऑक्सीजन, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता से लेकर ब्लड बैंक व संक्रमण नियंत्रण तक की होगी पड़ताल
लखनऊ, 23 नवंबर। आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश में आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों की इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) सुविधाओं का विशेष ऑडिट कराया जाएगा। इसके लिए स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) ने ऑडिट एजेंसियों को विस्तृत चेकलिस्ट जारी की है। सभी एजेंसियों को 30 नवंबर तक अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
इस विशेष जांच में अस्पतालों के आईसीयू में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ चिकित्सकों, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ, ऑक्सीजन आपूर्ति, मरीजों की निगरानी और संक्रमण नियंत्रण सहित तमाम जरूरी व्यवस्थाओं का आकलन किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अस्पतालों में मरीजों को दावों के अनुरूप वास्तविक चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं।
### केंद्र की नई गाइडलाइन के आधार पर होगा ऑडिट
साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बनाने पर विशेष जोर दे रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर योजना में सूचीबद्ध निजी अस्पतालों की आईसीयू सुविधाओं की जमीनी स्थिति जानने के लिए यह विशेष ऑडिट कराया जा रहा है।
इसके लिए संबंधित ऑडिट एजेंसियों को महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य का पत्र और आईसीयू से जुड़ी विस्तृत चेकलिस्ट उपलब्ध कराई गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) की ओर से वर्ष 2026 में जारी नई गाइडलाइन को जांच का आधार बनाया गया है। इसमें आईसीयू के बुनियादी ढांचे, चिकित्सा उपकरणों, मानव संसाधन, क्लीनिकल सेवाओं, नर्सिंग देखभाल और संक्रमण नियंत्रण के न्यूनतम मानक निर्धारित किए गए हैं।
### तीन स्तरों में वर्गीकृत होंगी आईसीयू सुविधाएं
केंद्र सरकार की नई गाइडलाइन में मरीजों की गंभीरता और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सहायता के आधार पर आईसीयू को तीन स्तरों में बांटा गया है।
* लेवल-1 आईसीयू: ऐसे मरीजों के लिए, जिनके किसी एक अंग की कार्यक्षमता प्रभावित होने पर शुरुआती उपचार, स्थिरीकरण और सामान्य स्तर की निगरानी की आवश्यकता होती है।
* लेवल-2 आईसीयू: दो या अधिक अंगों की कार्यक्षमता प्रभावित होने अथवा किसी एक अंग को उन्नत चिकित्सा सहायता की जरूरत वाले गंभीर मरीजों के उपचार के लिए।
* लेवल-3 आईसीयू: मल्टी-ऑर्गन फेल्योर यानी एक से अधिक अंगों के काम करना बंद कर देने की स्थिति वाले अत्यंत गंभीर मरीजों के लिए। यहां अत्याधुनिक निगरानी उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ उन्नत चिकित्सा सुविधाएं जरूरी होंगी।
### वेंटिलेटर से लेकर ब्लड बैंक तक की होगी जांच
साचीज की चेकलिस्ट के अनुसार ऑडिट एजेंसियां आईसीयू के प्रत्येक बेड के लिए निर्धारित स्थान, वेंटिलेटर, मल्टीपैरामीटर मॉनिटर, ऑक्सीजन आपूर्ति और सक्शन सुविधाओं की उपलब्धता की जांच करेंगी। इसके अलावा अस्पताल में योग्य चिकित्सकों और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की तैनाती भी परखी जाएगी।
आईसीयू में 24 घंटे चिकित्सकीय सेवाओं, डॉक्टरों की उपलब्धता और मरीजों के अनुपात में नर्सिंग स्टाफ की तैनाती को भी जांच के प्रमुख मानकों में शामिल किया गया है। इसके साथ ही प्रयोगशाला, ब्लड बैंक, एंबुलेंस सेवा और संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्थाओं का भी आकलन किया जाएगा।
ऑडिट में यह विशेष रूप से देखा जाएगा कि अस्पताल जिस स्तर की आईसीयू सुविधा उपलब्ध होने का दावा कर रहा है, वहां उसी के अनुरूप उपकरण, संसाधन और प्रशिक्षित मानव संसाधन मौजूद हैं या नहीं।
### अनावश्यक आईसीयू भर्ती और फर्जी क्लेम पर भी कसेगा शिकंजा
इस ऑडिट का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य आयुष्मान योजना के तहत आईसीयू में मरीजों की भर्ती और उपचार प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना भी है। मरीज की वास्तविक चिकित्सकीय स्थिति के अनुरूप आईसीयू में भर्ती की आवश्यकता का आकलन किया जाएगा। इससे अनावश्यक भर्ती और अनुचित क्लेम बुकिंग जैसी संभावित अनियमितताओं की पहचान करने में मदद मिलेगी।
यदि किसी अस्पताल में आईसीयू संचालन के लिए जरूरी उपकरण, योग्य चिकित्सक अथवा प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध नहीं पाया जाता है, तो ऑडिट रिपोर्ट में इन कमियों को चिह्नित किया जाएगा। इससे अस्पतालों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं विकसित करने के लिए प्रेरित किया जा सकेगा।
सरकार की इस पहल से आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने, अस्पतालों की जवाबदेही तय करने और योजना के संसाधनों का इस्तेमाल वास्तविक जरूरतमंद मरीजों के इलाज में सुनिश्चित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।






_page-0001.jpg)




















Comments