टेक्सटाइल और गारमेंटिंग पॉलिसी का लाभ कागजों तक नहीं, धरातल पर दिखे : राकेश सचान
अन्य खबरे Nov 23, 2026 at 06:20 PM , 4प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों में नीति का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश, दिसंबर से शुरू होंगी परिक्षेत्रीय कार्यशालाएं
लखनऊ में आयोजित होगा भव्य हैंडलूम, सिल्क एवं खादी एक्सपो, फैशन शो और बायर-सेलर मीट भी होगी
बुनकरों की विद्युत फ्लैट रेट, सौर ऊर्जा और समृद्धि योजनाओं के लक्ष्य समयबद्ध पूरे करने पर जोर
लखनऊ, 23 नवंबर। प्रदेश के बुनकरों, उद्यमियों और वस्त्र उद्योग से जुड़े लोगों को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिलना चाहिए। उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं गारमेंटिंग पॉलिसी-2022 तथा बुनकर कल्याण की योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए। इसके लिए प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों और परिक्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए। यह निर्देश प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने सोमवार को दिए।
डालीबाग स्थित उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के खादी भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और विभागीय प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिसंबर माह से परिक्षेत्रीय कार्यशालाएं आयोजित की जाएं, ताकि उद्यमियों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा सके।
### टेक्सटाइल पॉलिसी के तहत प्रोत्साहन राशि का पारदर्शी वितरण हो
बैठक में उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं गारमेंटिंग पॉलिसी-2022 की प्रगति की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में उपलब्ध बजट के सापेक्ष शासन से प्राप्त स्वीकृति में से अधिकांश धनराशि खर्च की जा चुकी है। कई अन्य औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहन राशि के वितरण की मंजूरी भी दी गई है।
नीति के तहत प्राप्त आवेदनों के सापेक्ष पात्र इकाइयों को लेटर ऑफ कम्फर्ट (एलओसी) जारी किए जा चुके हैं तथा अनेक इकाइयों को प्रोत्साहन राशि वितरित की जा चुकी है। इस पर मंत्री राकेश सचान ने निर्देश दिए कि स्वीकृत अवशेष धनराशि का शीघ्र और पारदर्शी तरीके से उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे पाइपलाइन में मौजूद अन्य परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त बजट की मांग की जा सके।
### लखनऊ में लगेगा भव्य हैंडलूम, सिल्क एवं खादी एक्सपो
प्रदेश के हस्तशिल्प और वस्त्र उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले विपणन कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के बाहर देश के बड़े शहरों में विपणन आयोजन किए जा रहे हैं। आगामी 30 नवंबर से भुवनेश्वर और 20 दिसंबर से जोधपुर में भी आयोजन प्रस्तावित हैं।
मंत्री ने लखनऊ में भव्य 'उत्तर प्रदेश हैंडलूम, सिल्क एवं खादी एक्सपो' आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक्सपो के साथ फैशन शो और बायर-सेलर मीट का भी समन्वय किया जाए, ताकि प्रदेश के बुनकरों और वस्त्र उत्पादकों को बड़े खरीदारों से जुड़ने का अवसर मिल सके।
इसके अतिरिक्त आगामी महीनों में 'इंडिया आईटीएमई-2026', 'गारटेक्स टेक्सप्रोसेस इंडिया-2027' और 'भारत टेक्स-2027' में प्रदेश के बुनकरों एवं वस्त्र इकाइयों की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
### बुनकरों को सस्ती बिजली और सौर ऊर्जा उपलब्ध कराने पर जोर
बुनकर कल्याण योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि बुनकरों को निर्बाध और किफायती ऊर्जा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। बैठक में बताया गया कि 'अटल बिहारी बाजपेयी पावरलूम बुनकर विद्युत फ्लैट रेट योजना' के तहत बजट प्रावधान के सापेक्ष धनराशि यूपीपीसीएल को उपलब्ध कराई जा चुकी है।
वहीं, 'मुख्यमंत्री बुनकर सौर ऊर्जा योजना' के तहत सामान्य वर्ग और अनुसूचित जाति-जनजाति के बुनकरों को सरकारी अनुदान पर सोलर प्लांट उपलब्ध कराने का लक्ष्य आवंटित किया गया है।
'मुख्यमंत्री हथकरघा बुनकर समृद्धि योजना' के प्रथम चरण में निर्धारित क्लस्टरों के लक्ष्य से अधिक क्लस्टरों और बुनकरों को चिन्हित किया गया है। इसके अलावा 'मुख्यमंत्री हथकरघा एवं पावरलूम उद्योग विकास योजना' तथा 'झलकारी बाई कोरी हथकरघा एवं पावरलूम विकास योजना' के तहत स्वीकृत बजट का पारदर्शी उपयोग करने और लाभार्थियों को समय से किस्त जारी करने के निर्देश दिए गए।
### कौशल प्रशिक्षण के लक्ष्य समय से पूरे करने के निर्देश
मंत्री राकेश सचान ने 'उत्तर प्रदेश वस्त्र क्षेत्र प्रशिक्षण एवं कौशल विकास योजना' की समीक्षा करते हुए चालू वित्तीय वर्ष के निर्धारित प्रशिक्षण लक्ष्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने निट्रा, भारत सरकार की टेक्सटाइल कमेटी और उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के साथ समन्वय स्थापित कर प्रशिक्षण कार्यक्रमों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर, विशेष सचिव शेषमणि पाण्डेय सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।






_page-0001.jpg)




















Comments