रेशम उत्पादन बढ़ाकर किसानों की आय में वृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : राकेश सचान

अन्य खबरे , 4

रेशम विभाग की योजनाओं का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश, सत्यापन के बाद ही जारी होगी अगली किस्त

16 जनपदों में कोया मंडियों की स्थापना और सभी कोया फसलों पर न्यूनतम फ्लोर प्राइस लागू होने से किसानों को मिल रहा लाभ

लखनऊ, 23 नवंबर। प्रदेश में रेशम उत्पादन को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारी शहतूत वृक्षारोपण, कीटपालन गृह निर्माण और उपकरण वितरण का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन कराएं। सत्यापन के बाद ही अगली किस्त की धनराशि जारी की जाए। यह निर्देश प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने सोमवार को दिए।

डालीबाग स्थित उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के खादी भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने रेशम विभाग की विभिन्न योजनाओं, कृषक प्रशिक्षण और विभागीय प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा वित्तीय अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए अधिकारी नियमित निगरानी करें।

बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री रेशम विकास योजना, सिल्क समग्र-2 और राज्य कृषि विकास योजना (एसएडीपी) सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान बताया गया कि वर्ष 2026-27 में उत्पादित होने वाली सभी कोया फसलों पर न्यूनतम फ्लोर प्राइस (एमएसपी) लागू किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश के 16 जनपदों में कोया मंडियों की स्थापना की गई है। इससे रेशम किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ आर्थिक लाभ प्राप्त हो रहा है।

इन 16 जनपदों में बहराइच, गोंडा, लखीमपुर, सीतापुर, कुशीनगर, बस्ती, गोरखपुर, औरैया, मेरठ, सहारनपुर, सोनभद्र, झांसी, फतेहपुर, कानपुर नगर, वाराणसी और पीलीभीत शामिल हैं।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि प्रदेश में अब तक 275 प्राथमिक रेशम सहकारी समितियों का पंजीकरण किया जा चुका है। इनमें से 25 समितियों के जन सुविधा केंद्र भी खोले गए हैं। इसके अलावा पोस्ट-ककून तकनीक को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय रेशम बोर्ड के सहयोग से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है।

### किसानों के प्रशिक्षण में वरिष्ठ वैज्ञानिकों को बुलाने के निर्देश

कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए मंत्री राकेश सचान ने कहा कि किसानों को दिया जाने वाला प्रशिक्षण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसे व्यावहारिक और गुणवत्तापूर्ण बनाया जाए, ताकि किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाकर रेशम उत्पादन बढ़ा सकें।

उन्होंने राज्यीय और अंतरराज्यीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में रेशम क्षेत्र के वरिष्ठ एवं अनुभवी वैज्ञानिकों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए। इससे किसानों को नई तकनीकों, उन्नत उत्पादन विधियों और आधुनिक कीटपालन प्रणालियों की जानकारी मिल सकेगी।

### रेशम उत्पादों की मार्केटिंग के लिए लगेगा सिल्क एक्सपो

मंत्री ने रेशम उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग, प्रचार-प्रसार और कारीगरों को प्रोत्साहित करने के लिए भव्य सिल्क एक्सपो आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि रेशम उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के साथ कारीगरों और उत्पादकों को अपनी प्रतिभा एवं उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलना चाहिए।

बैठक में अपर मुख्य सचिव रेशम बीएल मीणा, निदेशक रेशम आनंद कुमार शुक्ला सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top