UP STF की बड़ी कार्रवाई: वाराणसी में 1.07 कुन्तल गांजा बरामद, अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

अन्य खबरे , 17

लखनऊ। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। STF की लखनऊ इकाई ने वाराणसी में कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.07 कुन्तल गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अजय गिरी पुत्र मंगला गिरी, निवासी मुस्तफाबाद, थाना हलधरपुर, जनपद मऊ के रूप में हुई है। STF ने उसके पास से गांजे के अलावा एक शेवरले कार (ओडी-02-बीजे-1983) और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
यह गिरफ्तारी 26 अप्रैल 2026 को तड़के करीब 1:58 बजे कमिश्नरेट वाराणसी के कैण्ट थाना क्षेत्र में वाराणसी-जौनपुर हाईवे स्थित पुलवरिया पुल के पास की गई। STF को पिछले कुछ समय से विभिन्न राज्यों से मादक पदार्थों की तस्करी की सूचनाएं मिल रही थीं, जिसके आधार पर टीम को सक्रिय किया गया था।
सूचना के अनुसार, उड़ीसा से गांजे की बड़ी खेप लाई जा रही थी। इस इनपुट पर STF टीम ने मौके पर पहुंचकर सहायक पुलिस आयुक्त के साथ वाहन की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह उड़ीसा से गांजे की खेप लाकर मऊ और आसपास के जिलों में सप्लाई करता था। वह महीने में कई बार इस तस्करी को अंजाम देता था और इससे मोटा मुनाफा कमाता था।
इस मामले में थाना कैण्ट, वाराणसी में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
STF की इस कार्रवाई को प्रदेश में मादक पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

Related Articles

Comments

Back to Top