लखनऊ में बड़ा घोटाला उजागर: लोक भवन के सेंट्रल एसी AMC में करोड़ों की अनियमितता, PWD अधिकारियों पर आरोप

जनपत की खबर , 283

लखनऊ। लखनऊ से एक बड़ी प्रशासनिक अनियमितता सामने आई है, जहां मुख्यमंत्री कार्यालय स्थित लोक भवन में सेंट्रल एसी प्लांट के वार्षिक अनुरक्षण अनुबंध (AMC) के नाम पर करोड़ों रुपये के कथित वित्तीय नुकसान का मामला उजागर हुआ है। यह मामला लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
जानकारी के अनुसार, लोक भवन में स्थापित 2250 क्षमता के सेंट्रल एसी प्लांट के AMC में वर्ष 2018 से 2025 तक हर वर्ष लगभग 1 करोड़ 20 लाख रुपये का भुगतान किया गया। आरोप है कि यह कार्य मूल निर्माता कंपनी के बजाय अन्य कंपनी से कराकर नियमों की अनदेखी की गई।
बताया जा रहा है कि टेंडर प्रक्रिया में भी अनियमितताएं बरती गईं और अधिकृत डीलर के साथ मिलीभगत कर कार्य कराया गया। वहीं, इसी क्षमता के एसी प्लांट के लिए इंदिरा भवन में मात्र 56 लाख रुपये का AMC होने से भुगतान में भारी अंतर पर सवाल उठ रहे हैं।
मामला तब और गंभीर हो गया जब वित्तीय वर्ष 2026 के लिए AMC टेंडर की राशि 1 करोड़ 6 लाख रुपये निर्धारित की गई, जिससे पूरे प्रकरण पर संदेह गहरा गया।
इस मामले में मुख्य अभियंता (विद्युत यांत्रिक), अधिशासी अभियंता सहित कई अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि मानकों के विपरीत टेंडर जारी कर सरकारी धन को नुकसान पहुंचाया गया।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि शासन स्तर पर इस मामले की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।

Related Articles

Comments

Back to Top