जनगणना ड्यूटी पर शिक्षक संघ का बड़ा विरोध: प्रधानाध्यापक, दिव्यांग व बीमार शिक्षकों को मुक्त करने की मांग

राष्ट्रीय , 19

लखनऊ। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद लखनऊ ने जनगणना 2027 की ड्यूटी को लेकर प्रशासन के समक्ष गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है। संघ ने जिलाधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर मांग की है कि प्रधानाध्यापक, इंचार्ज प्रधानाध्यापक, दिव्यांग शिक्षक तथा गंभीर बीमारियों से ग्रसित शिक्षकों को जनगणना ड्यूटी से मुक्त किया जाए।
संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रान्तीय उपाध्यक्ष सुधांशु मोहन ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक के रूप में दूरस्थ क्षेत्रों में लगा दी गई है। कई विद्यालयों में तो स्थिति यह है कि प्रधानाध्यापक सहित सभी शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी गई है, जिससे विद्यालयों के पूरी तरह बंद होने की आशंका उत्पन्न हो गई है।
संघ का कहना है कि यदि यही स्थिति रही तो स्कूल चलो अभियान, नामांकन अभियान, मध्यान्ह भोजन वितरण सहित कई महत्वपूर्ण शैक्षिक योजनाएं प्रभावित होंगी। इसके अलावा 50 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग और गंभीर रूप से बीमार शिक्षकों को भी दूर-दराज के क्षेत्रों में ड्यूटी दिए जाने पर संघ ने गहरी चिंता व्यक्त की है।
शिक्षक संघ ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि महिला शिक्षकों की ड्यूटी उनके निवास स्थान, ब्लॉक या नजदीकी जोन में ही लगाई जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो शिक्षक हित में आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा।

Related Articles

Comments

Back to Top