सरोजिनी नगर के विद्यालयों में वार्षिकोत्सव और स्कूल चलो अभियान की धूम, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
जनपत की खबर Apr 18, 2026 at 07:10 PM , 202लखनऊ। विकासखंड सरोजिनी नगर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय विरूरा और पूर्व माध्यमिक विद्यालय कन्या बरौना में शनिवार को वार्षिकोत्सव एवं स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रमों में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय विरूरा में समग्र शिक्षा के विशेषज्ञ श्री राजेश प्रताप शाही एवं सहायक निदेशक श्री सूर्य प्रकाश जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि खंड शिक्षा अधिकारी श्री रुद्र प्रताप यादव विशिष्ट अतिथि रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री राजेश प्रताप शाही ने कहा कि विद्यालय का वार्षिकोत्सव पूरे वर्ष की शैक्षिक गतिविधियों का लेखा-जोखा होता है। यह उपलब्धियों के सम्मान के साथ-साथ शेष कार्यों की समीक्षा और आगामी वर्ष के लक्ष्यों के निर्धारण का अवसर भी प्रदान करता है।
वहीं सहायक निदेशक श्री सूर्य प्रकाश जायसवाल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि बेहतर शिक्षा के माध्यम से ही विकसित भारत का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी श्री रुद्र प्रताप यादव ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विकासखंड में संचालित शैक्षिक गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर एआरपी ज्ञान प्रताप सिंह, भूपेश ओझा, प्रतिमा मिश्रा, सर्वेश कुमार गौतम सहित विद्यालय की शिक्षिकाएं रेखा विष्ट, मधुबाला तथा शिक्षक संजय यादव समेत अनेक शिक्षक, अभिभावक और छात्र मौजूद रहे।
इसी क्रम में पूर्व माध्यमिक विद्यालय कन्या बरौना में भी वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। यहां मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ प्रवक्ता समग्र शिक्षा श्री सुधीर कुमार एवं उपनिदेशक समाज कल्याण श्री संजीव कुमार उपस्थित रहे।
विद्यालय के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया तथा उन्हें मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर एआरपी शन्नो राय, ज्ञान प्रताप सिंह तथा विद्यालय की शिक्षिकाएं वंदना, अर्चना सिंह, शालू जायसवाल, आरती सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







































Comments