हसनपुर खेवली में ‘स्कूल चलो अभियान’ की भव्य शुरुआत, नामांकन बढ़ाने का संकल्प—निपुण विद्यालयों व छात्रों का सम्मान
जनपत की खबर Apr 04, 2026 at 07:30 PM , 32लखनऊ।
बेसिक शिक्षा विभाग, जनपद लखनऊ द्वारा आज सरोजनीनगर ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय, हसनपुर खेवली में जनपद स्तरीय ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोहनलालगंज के विधायक माननीय अमरेश कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित छात्र-छात्राओं को माननीय मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिससे बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह का संचार हुआ।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों में डायट लखनऊ के प्राचार्य राम प्रवेश, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) राजेश कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी मोहनलालगंज सुशील कुमार, गोसाईंगंज के खंड शिक्षा अधिकारी रामराज तथा सरोजनीनगर के खंड शिक्षा अधिकारी रुद्र प्रताप यादव सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पांच निपुण विद्यालयों और पांच निपुण छात्रों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही कक्षा 1 और कक्षा 6 के पांच-पांच छात्रों को नई पुस्तकें वितरित कर पुस्तक वितरण अभियान की भी शुरुआत की गई।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अमरेश कुमार ने अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा प्राथमिक शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा समाज की नींव होती है और प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना अनिवार्य है।
कार्यक्रम की रूपरेखा खंड शिक्षा अधिकारी सरोजनीनगर रुद्र प्रताप यादव द्वारा प्रस्तुत की गई और सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने अभियान के प्रथम चरण में अधिकाधिक नामांकन सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में एसआरजी क्षमा सिंह, डीसी प्रशिक्षण अवधेश शुक्ला, डीसी समेकित संदीप तिवारी, एआरपी प्रतिमा मिश्रा, शन्नो राय, सर्वेश कुमार गौतम, ज्ञान प्रताप सिंह, पूर्व एआरपी उदय प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र और अभिभावक उपस्थित रहे।
अंत में मुख्य अतिथि द्वारा हरी झंडी दिखाकर नामांकन रथ को रवाना किया गया, जिसके साथ ही ‘स्कूल चलो अभियान’ को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।






































Comments