लखनऊ में कूड़ा प्रबंधन को मिली रफ्तार: CM योगी ने 250 इलेक्ट्रिक-CNG वाहनों को दिखाई हरी झंडी, स्वच्छता में टॉप-3 का लक्ष्य साकार

जनपत की खबर , 25

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने बुधवार को 5-कालिदास मार्ग स्थित आवास से नगर निगम के कूड़ा प्रबंधन के लिए 250 इलेक्ट्रिक एवं सीएनजी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ ने स्वच्छता रैंकिंग में देश के शीर्ष तीन शहरों में स्थान बनाकर नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार द्वारा शुरू किए गए ठोस कूड़ा प्रबंधन और स्वच्छता अभियान के चलते यह उपलब्धि संभव हो सकी है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में बेहतर प्रशासन और विकास कार्यों के जरिए “राजनीतिक कचरे” को हटाने के साथ-साथ वास्तविक स्वच्छता पर भी जोर दिया गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें और शहर को साफ रखने में भागीदारी निभाएं।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उठाए गए इस कदम को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग से कार्बन उत्सर्जन कम होगा और ‘नेट ज़ीरो’ लक्ष्य की प्राप्ति में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी की जाती थी, यहां तक कि स्ट्रीट लाइटें वर्षों तक बंद पड़ी रहती थीं। वर्तमान सरकार ने बिना भेदभाव 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की और प्रदेश के सभी नगर निगमों में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाकर व्यवस्था को सुदृढ़ किया।
उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में लखनऊ ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। शहर का विस्तार हुआ है, नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर हुआ है और सड़कों के चौड़ीकरण, कनेक्टिविटी, जल निकासी सहित बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 17 नगर निगमों के साथ नोएडा और ग्रेटर नोएडा को मिलाकर कुल 18 शहरों को ‘सेफ सिटी’ के रूप में विकसित किया गया है, जहां इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था लागू है।
इसके साथ ही अब इन शहरों को ‘सोलर सिटी’ के रूप में विकसित करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि Ayodhya को सोलर सिटी के रूप में विकसित किया जा चुका है और लखनऊ में भी इसी तर्ज पर सोलर पैनल लगाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता, सुरक्षा और सतत विकास के इन प्रयासों से लखनऊ देश के अग्रणी शहरों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।

Related Articles

Comments

Back to Top