उत्तर प्रदेश में होगा अत्याधुनिक स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर, ओडिशा मॉडल से लिए जाएंगे सबक
अन्य खबरे Jan 05, 2026 at 07:50 PM , 110लखनऊ।
राहत आयुक्त श्री हृषिकेश भास्कर यशोद ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ओडिशा राज्य के राहत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का उद्देश्य ओडिशा में संचालित स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (SEOC) की कार्यप्रणाली, संरचना और बेस्ट प्रैक्टिसेस का अध्ययन कर उत्तर प्रदेश में शीघ्र प्रारंभ होने वाले SEOC को अधिक प्रभावी, सक्षम और आधुनिक बनाना रहा।
बैठक में प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के प्रबंधन से जुड़े विभिन्न अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इनमें बादल फटना, शीत लहर, सूखा, भूकंप, बाढ़, अग्निकांड, डूबने की घटनाएं, लू, आकाशीय बिजली, सर्पदंश आदि आपदाओं के पूर्वानुमान, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली, अंतर-विभागीय समन्वय, सूचना प्रबंधन, संसाधनों की उपलब्धता तथा समुदाय स्तर पर जागरूकता जैसे पहलू शामिल रहे।
ओडिशा राज्य के राहत विभाग के अधिकारियों ने अपने SEOC की संरचना, 24×7 संचालन व्यवस्था, आईटी आधारित निर्णय समर्थन प्रणाली, रियल टाइम डेटा विश्लेषण, अलर्ट एवं चेतावनी तंत्र तथा फील्ड स्तर पर प्रभावी समन्वय की सफल कार्यप्रणालियों को साझा किया। इन अनुभवों को उत्तर प्रदेश में SEOC की स्थापना एवं संचालन में लागू करने पर गहन विचार-विमर्श किया गया, जिससे राज्य का आपदा प्रबंधन तंत्र और अधिक सुदृढ़ एवं उत्तरदायी बनाया जा सके।
राहत आयुक्त ने तकनीकी, प्रबंधन और क्षमता निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए। उन्होंने डिजाइन, प्रक्रियाओं के मानकीकरण (SOP), नियमित प्रशिक्षण, मॉक ड्रिल तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के एकीकरण पर विशेष जोर दिया।
बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि ओडिशा के SEOC के अनुभवों के आधार पर उत्तर प्रदेश में एक विश्वस्तरीय, तकनीकी रूप से सक्षम और समन्वित राज्य स्तरीय इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर की स्थापना की जाएगी, जो आपदा से पहले, आपदा के दौरान और आपदा के बाद प्रभावी रूप से कार्य कर सकेगा तथा जन-धन की क्षति को न्यूनतम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
राहत आयुक्त ने बताया कि इसके बाद कर्नाटक और महाराष्ट्र में संचालित स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर की कार्यप्रणाली और तकनीकी पक्षों का भी अध्ययन किया जाएगा। प्राप्त बेस्ट प्रैक्टिसेस के आधार पर उत्तर प्रदेश के SEOC का संचालन किया जाएगा। इसके निर्माण और संचालन हेतु तकनीकी परामर्श देने के लिए केपीएमजी को पीएमयू (PMU) के रूप में नियुक्त किया गया है, जिनके सुझावों और अध्ययन के आधार पर उत्तर प्रदेश में अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर का निर्माण किया जाएगा।



























Comments