शीतलहर और घने कोहरे के चलते लखनऊ में कक्षा 8 तक स्कूल बंद, 9 से 12वीं की कक्षाएं सीमित समय में संचालित

अन्य खबरे , 110

लखनऊ।
शीतलहर एवं घने कोहरे की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनज़र महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। जिलाधिकारी लखनऊ द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद लखनऊ में कक्षा प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक संचालित समस्त परिषदीय, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों सहित सभी बोर्डों से संबद्ध विद्यालयों में 8 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। वहीं कक्षा 9 से कक्षा 12 तक की कक्षाएं परिवर्तित समय-सारिणी के अनुसार प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक संचालित की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस आदेश की प्रामाणिकता जनपद की आधिकारिक वेबसाइट https://lucknow.nic.in पर सत्यापित की जा सकती है।
जिला सूचना अधिकारी को आदेश की प्रति जनपद की वेबसाइट के मुख्य पृष्ठ पर प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि उप निदेशक सूचना को समाचार पत्रों एवं मीडिया के माध्यम से इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अतिरिक्त जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आदेश के अनुपालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासन के इस निर्णय से अभिभावकों और विद्यार्थियों को ठंड और कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top