यूपी में बड़ी फूड चेन पर एफएसडीए सख्त, 16 कंपनियों को सुधार के निर्देश
अन्य खबरे Nov 24, 2026 at 02:35 PM , 4पिज्जा हट, मैकडॉनल्ड्स, केएफसी, डॉमिनोज और हल्दीराम समेत प्रमुख ब्रांडों के 140 से अधिक आउटलेट्स की हुई जांच, प्रदेश में 400 से ज्यादा फास्ट फूड इकाइयां भी जांच के दायरे में
लखनऊ उत्तर प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सेहत को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। प्रदेशभर में संचालित नामचीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फूड चेन के आउटलेट्स में खाद्य सुरक्षा संबंधी कमियां मिलने के बाद विभाग ने 16 प्रमुख कंपनियों के प्रबंध निदेशकों और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को पत्र भेजकर व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए हैं।
विभाग की सचिव एवं आयुक्त डॉ. रोशन जैकब की ओर से जारी निर्देशों में पिज्जा हट, मैकडॉनल्ड्स, बर्गर किंग, डॉमिनोज, केएफसी, सबवे, हल्दीराम, बीकानेरवाला और वॉव! मोमो समेत प्रमुख फूड कंपनियां शामिल हैं। कंपनियों को अपने सभी आउटलेट्स में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों और निर्धारित स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
### पांच प्रमुख बिंदुओं पर सुधार के निर्देश
एफएसडीए ने कंपनियों को किचन, सर्विंग एरिया और प्रतिष्ठानों के परिसर में साफ-सफाई रखने, उचित ड्रेनेज तथा कीट और चूहों से बचाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों, बर्तनों और पैकेजिंग सामग्री की स्वच्छता तथा कर्मचारियों की व्यक्तिगत साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया गया है।
खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण के लिए तापमान नियंत्रित व्यवस्था विकसित करने, कच्चे और तैयार भोजन को अलग रखने तथा क्रॉस कंटैमिनेशन रोकने को कहा गया है। वहीं, मेन्यू कार्ड, सर्विंग एरिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर खाद्य पदार्थों से जुड़ी अनिवार्य जानकारियां प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
### 16 कंपनियों के 140 से अधिक आउटलेट्स की जांच
एफएसडीए ने 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान के तहत 16 प्रमुख कंपनियों के 140 से अधिक आउटलेट्स का निरीक्षण किया है। इनमें डॉमिनोज के 36, बर्गर किंग के 15, देवयानी इंटरनेशनल के 15, बीकानेर फूड्स के 12, पिज्जा हट के 11, मैकडॉनल्ड्स के 10, सबवे के सात, रोमिनस पिज्जा के छह, बार्बेक्यू नेशन के छह, हल्दीराम के छह और वॉव! मोमो के पांच आउटलेट्स शामिल हैं।
इसके अलावा प्रदेशभर में अब तक 400 से अधिक फास्ट फूड इकाइयों का निरीक्षण किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के साथ ही भविष्य में ऐसी अनियमितताओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कंपनियों को स्थायी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं।
### एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और क्रॉस कंटैमिनेशन पर जीरो टॉलरेंस
विभाग की ओर से जारी खाद्य सुरक्षा निर्देशिका में वैध एफएसएसएआई लाइसेंस, किचन की स्वच्छता, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, शाकाहारी और मांसाहारी भोजन का पृथक भंडारण, फूड ग्रेड पैकेजिंग और निर्धारित तापमान पर खाद्य पदार्थों के रखरखाव को अनिवार्य बताया गया है।
इसके अलावा कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित पेस्ट कंट्रोल और सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री, दूषित भोजन और क्रॉस कंटैमिनेशन जैसी स्थितियों पर जीरो टॉलरेंस अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।
### ब्रांड बड़ा हो या छोटा, नियम सभी के लिए समान
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की धारा 26 के तहत खाद्य कारोबारकर्ताओं की जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए एफएसडीए ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना कंपनियों की जिम्मेदारी है। विभाग का जोर केवल निरीक्षण और नोटिस जारी करने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रतिष्ठानों में स्थायी सुधार सुनिश्चित कराने पर है।
'शुद्ध ही शुभ है' अभियान के तहत छोटे खाद्य प्रतिष्ठानों से लेकर बड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फूड चेन तक को निगरानी के दायरे में लाया गया है। विभाग के अनुसार, सुधार नोटिस जारी होने के बाद दोबारा किए गए निरीक्षण में कई प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और गुणवत्ता संबंधी सुधार भी सामने आए हैं।
एफएसडीए की इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के उपभोक्ताओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है। विभाग ने साफ संकेत दिया है कि किसी भी ब्रांड की लोकप्रियता या प्रतिष्ठान का आकार खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन से छूट का आधार नहीं बन सकता। जनस्वास्थ्य से जुड़े इस विषय में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।






_page-0001.jpg)




















Comments