विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों की समीक्षा करेंगे वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग

अन्य खबरे , 6

26 और 27 नवंबर को गोरखपुर में पांच मंडलों के 17 जिलों की होगी समीक्षा, मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा समेत वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी रहेंगे मौजूद

लखनऊ, 24 नवंबर। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी है। इसी क्रम में आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग 26 एवं 27 नवंबर को गोरखपुर में पांच मंडलों के अंतर्गत आने वाले 17 जनपदों की निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 26 नवंबर को गोरखपुर में आयोजित बैठक में गोरखपुर, वाराणसी और बस्ती मंडलों के 11 जनपदों की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इनमें गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर, बस्ती, संतकबीर नगर और सिद्धार्थनगर शामिल हैं।

वहीं, 27 नवंबर को आजमगढ़ एवं विंध्याचल मंडलों के छह जनपदों की समीक्षा होगी। इनमें आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र शामिल हैं।

### वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी करेंगे प्रतिभाग

समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा सहित मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा संबंधित पांचों मंडलों के मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक भी बैठक में प्रतिभाग करेंगे।

### पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत होगा तैयारियों का ब्यौरा

बैठक के दौरान संबंधित जिलों के अधिकारी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर की जा रही तैयारियों, निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं और प्रस्तावित कार्ययोजना का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करेंगे।

भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी इन प्रस्तुतियों के आधार पर तैयारियों की प्रगति और व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएंगे, ताकि चुनाव से जुड़ी सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जा सकें।

आयोग का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस स्तर पर बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Comments

Back to Top