काला फीता बांधकर जारी रहा एनएचएम संविदा कर्मचारियों का विरोध, 21 मई से ठप हो सकता है काम

लखीमपुर खीरी , 2

लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारियों का मार्च और अप्रैल माह का मानदेय न मिलने के कारण उपजा आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। उ.प्र. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर जिला स्तर पर तैयार की गई आंदोलन की रणनीति के तहत दूसरे दिन भी जिला अस्पताल, जिला क्षय रोग कार्यालय सहित जनपद के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों  व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के अंतर्गत तैनात संविदा कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थल पर काला फीता बांधकर शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज कराया। संगठन के जिला अध्यक्ष विकास श्रीवास्तव, जिला महामंत्री देवेंद्र पांडे और संरक्षक संजय राय ने सभी एनएचएम संविदा कर्मचारियों से संयुक्त अपील की है कि वे पूरी तरह से संगठन के दिशा-निर्देशों के तहत ही शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से कार्य करें ताकि विरोध प्रदर्शन के दौरान किसी भी तरह का माहौल खराब न हो।तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश के सभी एनएचएम संविदा कर्मचारी 18, 19 व 20 मई 2026 तक अपने-अपने कार्यस्थल पर समय से उपस्थित होकर अपनी हाजिरी रजिस्टर ए एम एस  बायोमेट्रिक दर्ज कराएंगे और कार्यस्थल परिसर या जिला मुख्यालय पर दरी बिछाकर संगठन के बैनर तले बैठेंगे। यदि 20 मई तक कर्मचारियों के दो महीने के लंबित मानदेय का भुगतान नहीं किया जाता है, तो 21 मई 2026 से पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार प्रारंभ कर दिया जाएगा, हालांकि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस आंदोलन के दौरान भी समस्त इमरजेंसी सेवाएं सुचारू रूप से संचालित रहेंगी। जिला अध्यक्ष ने बताया कि लगातार तीसरा महीना भी समाप्ति की ओर है और मानदेय न मिलने से कर्मचारियों व उनके आश्रित परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है, जिसके चलते वे इस कदम को उठाने के लिए मजबूर हुए हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top