युवक पर जानलेवा हमला, तमंचे से मारने की कोशिश, वीडियो भी बनाया

लखीमपुर खीरी , 7

बरवर खीरी। जनपद के पसगवां थाना क्षेत्र के कस्बा बरवर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के जलील नगर मोहल्ले के निवासी रहीस खाँ पुत्र नत्थू खाँ ने पुलिस को शिकायत पत्र सौंपकर गाँव के ही कुछ दबंगों और अज्ञात लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाना प्रभारी को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है।
पीड़ित रहीस खाँ द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, घटना के वक्त वह वसीम लाल खाँ के दरवाजे पर मौजूद था। उसी दौरान मोहल्ले के ही कासिफ सारि और तारिक (पुत्रगण हासिम खाँ) दो अज्ञात साथियों के साथ वहाँ पहुँचे। आरोप है कि इन लोगों ने रहीस खाँ को चारों तरफ से घेर लिया और अवैध तमंचे से उस पर फायर कर जान से मारने की कोशिश की।
पीड़ित ने बताया कि उसने किसी तरह हमलावरों के चंगुल से भागकर अपनी जान बचाई और डर के मारे काफी समय तक एक अन्य व्यक्ति के घर में छिपा रहा। इसके बाद आरोपी पीड़ित के घर भी पहुँच गए। वहाँ पीड़ित के घर पर मौजूद सामान और गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। आरोपियों ने फिर से तमंचा लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस पूरी वारदात का एक वीडियो भी बनाया गया है। पीड़ित का दावा है कि मुख्य आरोपी आसिफ का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह लगभग एक वर्ष पूर्व अपहरण जैसे गंभीर मामले और अन्य संगीन धाराओं में भी नामजद रह चुका है।पीड़ित रहीस खाँ ने पसगवां थाना प्रभारी से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Articles

Comments

Back to Top