दबंगों ने जोती किसान की गन्ने की फसल
लखीमपुर खीरी May 17, 2026 at 07:20 PM , 5धौरहरा खीरी।
कोतवाली क्षेत्र के चर्चित कफारा गांव में दबंगों द्वारा किसान की खेत में खड़ी गन्ने की फसल ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित किसान ने कोतवाली में तहरीर देकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के चर्चित कफारा गांव निवासी किसान रामलखन ने बताया कि उनकी करीब 14 बीघा जमीन में गन्ने की फसल खड़ी थी।आरोप है कि शनिवार रात गांव के ही कुछ दबंगों ने ट्रैक्टर चलाकर पूरी फसल जोत डाली।रविवार सुबह जब वह अपने बेटों के साथ खेत पहुंचे तो लहलहाती फसल उजड़ी देख उनके होश उड़ गए।खेत की हालत देखकर किसान बिलख-बिलख कर रोने लगा।पीड़ित किसान पुत्र पंकज ने घटना की सूचना यूपी 112 पुलिस को दी।सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई और पीड़ित पक्ष को कोतवाली बुलाया।पीड़ित किसान ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला कफारा गांव निवासी राम लखन के पिता बांकेलाल ने यह जमीन 1974 में खातेदार संत बहादुर से बैनामा कराया था। तभी से उस जमीन पर वह खेती कर रहा था।बीती जनवरी में आरोपी महिपाल,आदर्श,रोमी, कौशल,शत्रोहन ने संत बहादुर को चाचा बता जनवरी में वरासत करवा ली। किसान रामलखन के मुताबिक जब उसे जानकारी हुई तो एसडीएम न्यायालय में केश दायर किया।अभी मुकदमा चल ही रहा था कि आरोपियों ने शनिवार रात खेत में ट्रैक्टर चला कर गन्ने की खड़ी फसल जोत कर नष्ट कर दी,जिससे उसे करीब सात लाख का आर्थिक नुकसान हुआ है।वही दूसरे पक्ष के शत्रोहन,महिपाल आदि का कहना है, कि यह नंबर गलत तरीके से रामलखन के पिता ने अपने नाम दर्ज करा लिया था।जमीन पर काफी समय से काबिज थे कहने के बाद भी छोड़ नहीं रहे थे,अब जमीन हमारे नाम है,इस लिए जोत लिया।
उपरोक्त मामले की जांच की जा रही है,यदि फसल नष्ट की गई है तो एफआईआर दर्ज कर कार्यवाई की जाएगी- रवींद्र सोनकर प्रभारी निरीक्षक धौरहरा।
न्यायालय में लंबित मामले में फसल जोतना अपराध है,मुकदमा निस्तारण के बाद जिसके पक्ष में निर्णय होता स्वयं राजस्व टीम कब्जा दिलाती, जांच की जा रही है दोषियों के विरूद्ध कार्यवाई होगी- शशिकांत मणि एसडीएम धौरहरा।































Comments