धौरहरा में मंगल कलश यात्रा से शिव महापुराण कथा शुरू
लखीमपुर खीरी May 17, 2026 at 06:15 PM , 2लखीमपुर खीरी
कस्बे के प्रसिद्ध हलवाई शिव मंदिर में रविवार को मंगल कलश यात्रा के साथ शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। कथा व्यास महामंडलेश्वर संतोष गिरी महाराज वृंदावन ने पहले दिन शिव महापुराण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भगवान शिव की महिमा का वर्णन किया।
कथा प्रारंभ से पहले 501 पीत वस्त्र धारण की हुई महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली। यात्रा हलवाई शिव मंदिर से आरंभ होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते रहे और पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
कलश यात्रा श्रीराम नवमी मंदिर और श्री नागेश्वर नाथ मंदिर पहुंची। दोनों मंदिरों में विधिवत पूजन अर्चन के बाद यात्रा वापस हलवाई शिव मंदिर में संपन्न हुई। जगह जगह नगरवासियों ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। ढोल नगाड़ों और भजनों की धुन पर श्रद्धालु नाचते गाते चल रहे थे। महामंडलेश्वर संतोष गिरी महाराज ने कथा में कहा कि शिव महापुराण का श्रवण करने से जीवन के सभी कष्ट दूर होते हैं। भगवान शिव कल्याण के देवता हैं और सच्चे मन से उनका स्मरण करने वाला कभी दुखी नहीं रहता। पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने पहुंचे।
आयोजन समिति ने बताया कि कथा का समापन 25 मई को पूर्णाहुति और भंडारे के साथ होगा। प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक कथा होगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
कस्बे में धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक कलश यात्रा में शामिल हुए और शिव भक्ति में लीन नजर आए।































Comments