*मृतक मां को किराएदार बताकर जमीन हड़पने का आरोप, पीड़ित ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार*

लखीमपुर खीरी , 10

*'अदालत को गुमराह कर कब्जे की साजिश': शारिक हुसैन, पूर्व लेखपाल पर भी गंभीर आरोप*  

*लखीमपुर खीरी।* ग्राम महेवा बुढ़नापुर निवासी शारिक हुसैन उर्फ बब्लू ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गाटा संख्या 431 के भू-स्वामियों पर फर्जीवाड़ा कर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि उसकी मृतक मां नजमा परवीन को गाटा संख्या 443 का किराएदार दिखाकर न्यायालय से आदेश करा लिया गया, जबकि उनका उस गाटे से कोई संबंध नहीं था।  

*क्या है पूरा मामला:* शारिक हुसैन ने बताया कि उसकी मां बेटों शारिक हुसैन और शाजिफ हुसैन उर्फ तारिक के नाम पट्टे की जमीन पर बने मकान में रहती थीं। तीनों भाइयों ने आपसी सहमति से बंटवारा किया था। मंझले भाई ने अपना हिस्सा बेच दिया जिसका बैनामा 16 नवंबर 2017 को प्रिया कौर ढिल्लों के नाम हुआ। बैनामे की चौहद्दी में पूरब व दक्षिण में शारिक हुसैन दर्ज है।  

*फर्जीवाड़े का आरोप:* पीड़ित का कहना है कि किराएदारी का कोई सबूत नहीं है, फिर भी भू-स्वामी दिलीप चंद्र मूणोत, मनीष जैन, विनय जैन व सरोज गुप्ता ने नजमा परवीन को गाटा संख्या 443 का किराएदार दिखाकर न्यायालय से आदेश करा लिया। आरोप है कि पूर्व लेखपाल पंकज तोमर से सेटिंग कर नक्शा बदलवाकर केस जीता गया। वर्तमान में लेखपाल राजेश शुक्ला ने चार्ज संभाला है।  

*बैनामे में खेल का आरोप:* शारिक ने बैनामा करने वाले वासिर उर्फ नासिर पर मोटी रकम लेकर परिवार को बर्बाद करने का आरोप लगाया है।  

*परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़:* पीड़ित ने बताया कि इस विवाद के सदमे में उसकी मां नजमा परवीन की मौत हो गई। खुद शारिक हुसैन कैंसर से पीड़ित हैं और उनकी पुत्री मानसिक रूप से बीमार है।  

*18 को कब्जे की आशंका:* पीड़ित ने आरोप लगाया कि 18 तारीख को धनबल व पुलिस बल से मकान पर कब्जे की कोशिश की जा रही है।  

*प्लाटिंग के लिए साजिश का आरोप:* शारिक का आरोप है कि गाटा 431 को शारदा नगर रोड से जोड़कर प्लाटिंग रेट बढ़ाने के लिए पट्टेदारों को हटाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि मनीष जैन ने मानवता की सारी हदें पार कर दी हैं।  

*डीएम से की मांग:* पीड़ित शारिक हुसैन ने डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग की है। कहा कि जांच हो कि आदेश किसके नाम है, केस किसके खिलाफ है और कब्जा किसके मकान पर हो रहा है। उन्होंने पूर्व लेखपाल पंकज तोमर व वासिर उर्फ नासिर की भूमिका की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की गुहार लगाई है।

Related Articles

Comments

Back to Top