किसानों का एसडीएम कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन, आश्वासन के बाद समाप्त हुआ आंदोलन

लखीमपुर खीरी , 2

मोहम्मदी। क्षेत्रीय किसानों ने विभिन्न गंभीर समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप था कि कई बार ज्ञापन और शिकायती पत्र देने के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे नाराज होकर उन्हें धरने पर बैठना पड़ा।
किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष दिलबाग सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में यूथ जिला अध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह, प्रवक्ता गुरदीप सिंह समेत पिपरिया धनी क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। किसानों ने खाद, डीजल और गैस की किल्लत, बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने, रास्तों से अतिक्रमण हटाने तथा गुरुद्वारे के पीछे जलभराव और गंदे पानी की समस्या के समाधान की मांग उठाई।
किसानों ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को पहले ही सौंपा जा चुका है। इसके अलावा समाधान दिवस और अन्य माध्यमों से भी कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
धरने और नारेबाजी के कारण तहसील परिसर के कार्य में भी बाधा उत्पन्न होने लगी। स्थिति को देखते हुए एसडीएम स्वयं किसानों के बीच पहुंचे और जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

Related Articles

Comments

Back to Top