**प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान : पंकज चौधरी**

अन्य खबरे , 23

लखनऊ, 11 मई 2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को मीडिया से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी के सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अब “गुंडों और गालीबाजों की पार्टी” बन चुकी है।
 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सपा सांसद अजेन्द्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग बेहद निंदनीय है। यह न केवल लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन है, बल्कि देशवासियों की भावनाओं को भी आहत करने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का पद किसी एक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश के सम्मान और गौरव का प्रतीक होता है।
 
श्री चौधरी ने आरोप लगाया कि जब-जब समाजवादी पार्टी को जनता द्वारा पराजय मिलती है, तब-तब उसके नेताओं की भाषा का स्तर गिर जाता है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत टिप्पणियां और अशोभनीय भाषा भारतीय लोकतांत्रिक परंपराओं पर आघात पहुंचाती हैं।
 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सपा प्रमुख से जवाब मांगते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री के खिलाफ टिप्पणी करने वाले सांसद पर कार्रवाई नहीं की जाती और उन्हें पार्टी से निष्कासित नहीं किया जाता, तो यह माना जाएगा कि उक्त बयान पार्टी नेतृत्व की सहमति से दिया गया है।

Related Articles

Comments

Back to Top