*स्व जनगणना कैंप से अधिकारी-कर्मचारी नदारद, 12:30 बजे तक स्कूल पर लटका रहा ताला, ग्रामीण लौटे मायूस*

लखीमपुर खीरी , 17

*लखीमपुर खीरी।* गोला तहसील क्षेत्र के कस्बा अजान में रविवार को स्व जनगणना अभियान की व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। प्राथमिक विद्यालय अजान में तहसील स्तरीय अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन दोपहर 12:30 बजे तक एक भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। स्कूल के गेट पर ताला लटका रहा और जनगणना कराने पहुंचे सैकड़ों ग्रामीण घंटों इंतजार के बाद मायूस होकर लौट गए।  

ग्राम प्रधान विपिन यादव ने बताया कि 10 मई को प्राथमिक विद्यालय अजान में तहसील स्तरीय कैंप लगाया गया था। सूचना के बाद सुबह से ही महिला-पुरुष जनगणना कराने पहुंचने लगे, लेकिन न तो स्कूल का ताला खुला और न ही ड्यूटी पर लगाए गए किसी अधिकारी-कर्मचारी ने आमद दर्ज कराई।  

ग्राम प्रधान ने कहा कि हर व्यक्ति स्व जनगणना नहीं कर सकता। सभी के पास स्मार्टफोन नहीं है, जनगणना ऐप डाउनलोड नहीं है और न ही तकनीकी जानकारी है। ऐसे में तहसील स्तर पर लगाए गए कर्मचारियों का मौके पर होना जरूरी है।  

इस दौरान ग्राम प्रधान विपिन यादव, पंचायत सचिव, पंचायत सहायक और ग्राम पंचायत सदस्य पंचायत कार्यालय पर उपस्थित रहे और वहां आए लोगों की स्व जनगणना कराई।  

ग्राम प्रधान ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अनुपस्थित रहे लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई हो और गांव में दोबारा कैंप लगाकर सभी परिवारों की जनगणना सुनिश्चित कराई जाए, ताकि कोई वंचित न रहे।  

इस संबंध में एसडीएम गोला प्रतीक्षा त्रिपाठी ने बताया कि स्व जनगणना रोजाना होने वाला कार्य है। इसे दिन या रात कभी भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी डीपीआरओ ने तय की होगी, इसलिए ग्रामीण एकत्रित हुए होंगे। हो सकता है ग्राम प्रधान ने बिना सूचना दिए लोगों को बुला लिया हो, स्व जनगणना कराने की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान की भी बनती है।

Related Articles

Comments

Back to Top