*तालाब पाटकर की प्लाटिंग से जलमग्न हुए तीन मोहल्ले, लोगों का जीवन नारकीय*
लखीमपुर खीरी May 02, 2026 at 07:20 PM , 40*खीरी टाउन।* कस्बा खीरी के मोहल्ला पट्टी रामदास में तालाब गाटा संख्या 318/0.267 हे0 को अवैध रूप से पाटकर की गई प्लाटिंग लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। तालाब के पाटने से घरों के पानी निकासी का रास्ता बंद हो गया, जिससे कस्बे के तीन मोहल्ले जलमग्न हो गए हैं। सड़कों पर गंदा पानी भरा होने से लोगों का जीना दूभर हो गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत के अभिलेखों में दर्ज तालाब को कथित भू-माफिया अजीम खां पुत्र सत्तार खां ने पाटकर उस पर प्लॉट काटकर रजिस्ट्री तक कर दी। कई मकानों का निर्माण भी हो चुका है। हैरानी की बात यह है कि यह सब लंबे समय तक प्रशासन की नजरों से कैसे बचा रहा।
समस्या बढ़ने पर मोहल्लेवासियों ने शिकायत की, जिसके बाद नगर पंचायत ने तालाब पाटने वाले व्यक्ति को नोटिस जारी किया है। लेकिन लोगों का सवाल है कि जब अवैध कब्जा, प्लाटिंग और निर्माण हो रहा था, तब जिम्मेदार अधिकारी कहां थे?
मामला तब गंभीर हुआ जब पीस कमेटी की बैठक में स्थानीय लोगों ने यह मुद्दा सीओ/सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी, सदर एसडीएम अश्विनी सिंह और नायब तहसीलदार के सामने उठाया। इस पर सदर एसडीएम ने अधिशासी अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर नगर पंचायत प्रशासन ने संज्ञान लेकर कार्रवाई की होती तो तालाब का अस्तित्व बच सकता था और लोगों को यह मुसीबत नहीं झेलनी पड़ती। लोगों को संदेह है कि प्लाटिंग से हुई कमाई की हिस्सेदारी के चलते जिम्मेदार मूकदर्शक बने रहे।
एक ओर सरकार और सुप्रीम कोर्ट तालाबों के संरक्षण के लिए सख्त आदेश दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर खुलेआम तालाब पाटकर कॉलोनियां बसाई जा रही हैं। अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन तालाब को पुनः खुदवाकर उसकी मूल स्थिति बहाल करेगा, या दबाव में मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।
गंदे पानी से जूझ रहे लोग राहत की आस में प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।































Comments