*घाघरा नदी में डूबने से 10 वर्षीय बालक की मौत, गांव में शोक की लहर*
लखीमपुर खीरी May 12, 2026 at 06:05 PM , 13*धौरहरा, खीरी।* कोतवाली क्षेत्र की कफारा चौकी अंतर्गत हौकना मटेरा गांव में सोमवार को घाघरा नदी में डूबने से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार हौकना मटेरा निवासी शोभित कुमार पुत्र सुरेश निषाद अपनी मां के साथ नदी किनारे लकड़ी बीनने गया था। इसी दौरान प्यास लगने पर वह पानी पीने नदी किनारे पहुंचा। पानी पीते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। मां ने उसे बचाने के लिए शोर मचाया जब तक कोई मदद मिलती तब तक शोभित डूब चुका था।
ग्राम प्रधान बालक राम वर्मा की सूचना पर कफारा चौकी प्रभारी रुद्र प्रकाश पांडेय मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से चलाए गए अभियान में देर शाम बालक का शव बरामद कर लिया गया। लेखपाल गणेश प्रसाद गुप्ता ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में बालक का अंतिम संस्कार किया। घटना से पूरे गांव में शोक छा गया है।































Comments