*तेंदुए का आतंक: 10 दिन में दूसरी घटना से दहशत में राधनपुरवा, ग्रामीणों ने वन विभाग पर उठाए सवाल*
लखीमपुर खीरी May 01, 2026 at 09:15 PM , 24(के0के0 शुक्ला/हरिशंकर मिश्र)
*लखीमपुर खीरी।* गोला वन रेंज क्षेत्र के दरियाबाद पंचायत अंतर्गत ग्राम राधनपुरवा में शुक्रवार सुबह हिंसक तेंदुए ने एक बार फिर हमला कर एक पड़िया को मार डाला। महज 10 दिनों के भीतर यह दूसरी घटना है, जिससे पूरे गांव में दहशत, गुस्सा और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
*सुबह-सुबह मिला अधखाया शव, मचा हड़कंप*
ग्रामीण जुग्गी राम पुत्र प्रसादी रोज की तरह सुबह पशुओं को चारा डालने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने पड़िया का अधखाया शव देखा। शव के पास जानवर के पंजों के निशान मिले हैं, जिससे स्पष्ट है कि हमला तेंदुए ने ही किया है। घटना की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और लोग इकट्ठा हो गए।
*10 दिन में दूसरी घटना, बढ़ा डर*
ग्रामीणों के अनुसार इससे पहले रामदीनपुरवा गांव में भी एक किसान की पड़िया को जंगली जानवर ने अपना शिकार बनाया था। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में डर का माहौल है। उनका कहना है कि तेंदुआ अब आबादी के करीब तक आ रहा है, लेकिन वन विभाग की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।
*शाम होते ही गांव में पसर जाता है सन्नाटा*
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए के खौफ के चलते शाम ढलते ही गांव में सन्नाटा पसर जाता है। बच्चे स्कूल और खेल से दूर हो गए हैं, जबकि मवेशियों को खुले में छोड़ना मुश्किल हो गया है। कई परिवार रात में जागकर पहरा दे रहे हैं।
*वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग*
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मांग की है कि गांव में तत्काल पिंजरा लगाया जाए और तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाए। उनका कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।
जिले में लगातार हो रही घटनाओं ने वन विभाग की कार्यप्रणाली और ग्रामीण क्षेत्रों में वन्यजीवों से सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि विभाग इस बढ़ते खतरे पर कब तक काबू पाता है।































Comments