*अच्छी बरसात ने दी गर्मी से राहत, किसानों के लिए बना संजीवनी; मच्छरों की सक्रियता भी घटी*
लखीमपुर खीरी May 01, 2026 at 06:40 PM , 21*पलियाकलां खीरी।* मौसम विभाग के अलर्ट के अनुरूप शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और हल्की-फुल्की हवाओं का दौर जारी रहा। सुबह से ही मौसम सुहावना बना रहा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली। शाम होते-होते मौसम और ठंडा हो गया और क्षेत्र में अच्छी बरसात हुई।
*गर्मी से मिली राहत, मच्छर भी हुए सुस्त*
तेज धूप और उमस से परेशान लोगों के लिए बारिश राहत बनकर आई। मौसम ठंडा होने से दिनभर की उमस खत्म हुई और रात में लोगों को सुकून भरी नींद मिली। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के बाद कुछ दिनों तक मच्छरों की सक्रियता भी कम रहेगी, जिससे डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा फिलहाल कम हो जाएगा।
*किसानों के लिए वरदान बनी बारिश*
इस बरसात से सबसे ज्यादा राहत किसानों को मिली है। गेहूं कटने के बाद खाली पड़े खेतों में नमी आने से किसान अब हौरो चलाकर अगली फसल की तैयारी शुरू कर सकेंगे। खेतों में पर्याप्त नमी होने से मिट्टी भुरभुरी हो गई है, जिससे जुताई में समय और मेहनत दोनों बचेगी।
धान की बुआई की तैयारी कर रहे किसानों को भी फायदा हुआ है। खेतों में पहले से नमी होने से उन्हें सिंचाई के लिए डीजल और पानी पर होने वाला खर्च बच जाएगा। किसान अब बिना अतिरिक्त सिंचाई के ही धान रोपाई के लिए खेत तैयार कर सकेंगे।
*आगे भी बारिश के आसार*
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव बना रह सकता है। बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम का लाभ उठाकर खेतों की तैयारी समय से पूरी कर लें।































Comments