*30 अप्रैल की रात आंधी-पानी ने पलटा मौसम का मिजाज, खेतों में बहार तो शादियों में हड़कंप*

लखीमपुर खीरी , 23

(केके शुक्ला)

*लखीमपुर खीरी।* 30 अप्रैल की रात करीब 9 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। कुछ ही मिनटों में मौसम का पूरा नजारा बदल गया। गर्मी से बेहाल लोगों को ठंडक मिली, तो वहीं किसानों के चेहरे भी खिल उठे।  

*फसलों के लिए संजीवनी बनी बारिश*  
तेज हवाओं और बारिश ने गन्ना और केले की फसलों को नई जान दे दी। लंबे समय से सूखे और गर्मी से झुलस रही फसलें बारिश के बाद हरी-भरी नजर आने लगीं। किसान इसे संजीवनी बता रहे हैं। उनका कहना है कि अगर बारिश इसी तरह होती रही तो फसल की पैदावार में इजाफा होगा और लागत भी कम आएगी।  

*शादियों में मचा हड़कंप*  
लेकिन मौसम का ये बदला मिजाज उन परिवारों के लिए मुसीबत बन गया जिनके घर शादियां थीं। कई जगह बैंड-बाजा, बारात और मंडप की तैयारियां जोरों पर थीं। तभी अचानक आई बारिश ने पूरा माहौल बदल दिया।  

कई स्थानों पर दूल्हा-दुल्हन वरमाला के बजाय छाता संभालते नजर आए। डांस फ्लोर पर नागिन डांस कर रहे बाराती टेंट के नीचे भागकर शरण लेते दिखे। तेज हवाओं के कारण गांव-कस्बों में बने अस्थायी मंडप हिलने लगे, जैसे DJ पर स्लो मोशन डांस चल रहा हो। कुछ जगहों पर टेंट ही उखड़ गए और मेहमानों को खुले आसमान के नीचे खाना खाना पड़ा।  

खाने का हाल भी बेहाल रहा। पनीर, सब्जी और मिठाई की प्लेटों में पानी भर गया। कई जगह खाने-पीने का सामान भीगकर खराब हो गया।  

*मौसम ने बांटी राहत और रुकावट*  
किसानों के लिए ये बारिश वरदान बनी, लेकिन शादी वाले परिवारों के लिए खुशी में खल बन गई। लोगों का कहना है कि मौसम ने एक ही रात में किसी को राहत दी तो किसी की रस्मों में रोमांच के साथ थोड़ी रुकावट भी डाल दी।  

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।

Related Articles

Comments

Back to Top