*धौरहरा तहसील में स्टाफ की कमी से लड़खड़ाया राजस्व काम, 8 सर्किल का भार सिर्फ 4 कानूनगो पर*
लखीमपुर खीरी Apr 30, 2026 at 07:05 PM , 52(मनोज मिश्र/केके शुक्ला)
*धौरहरा/लखीमपुर।* तहसील क्षेत्र में आठ राजस्व निरीक्षक सर्किल के सापेक्ष मात्र चार राजस्व निरीक्षकों की तैनाती से सरकारी काम प्रभावित हो रहा है। स्टाफ की कमी के चलते भूमि संबंधी मामलों के निपटारे में देरी हो रही है और थाना समाधान दिवस व संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ रही है।
*एक कानूनगो के पास 2-3 सर्किल का चार्ज*
जानकारी के मुताबिक तहसील में राजस्व निरीक्षक यानी कानूनगो का अलग ओहदा होता है। इनके अंडर में क्षेत्र के लेखपाल आते हैं। जिला मुख्यालय से अतिरिक्त निरीक्षकों की तैनाती न होने से मौजूदा चार अधिकारियों से ही आठ सर्किल का काम लिया जा रहा है।
रमियाबेहड़, टहारा व धौरहरा सर्किल का प्रभार निरीक्षक भगवानदास के पास है। सिसैया व ईसानगर क्षेत्र सर्वेश त्रिवेदी संभाल रहे हैं। उंचगांव व हसनपुर कटौली का चार्ज सुरेश चन्द्र के हवाले है, जबकि खमरिया क्षेत्र राजस्व निरीक्षक बलिराम देख रहे हैं।
*न्यायालयी आदेशों के पालन में देरी*
तहसील प्रशासन भले ही भूमि संबंधी वादों के निपटारे को संकल्पित है, लेकिन अतिरिक्त स्टाफ न होने से न्यायालयों से जारी आदेशों व निर्देशों के पालन में देरी हो रही है। इसी वजह से समाधान दिवसों में जमीन संबंधी शिकायतकर्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द अतिरिक्त राजस्व निरीक्षकों की तैनाती की मांग की है ताकि लंबित मामलों का समय से निस्तारण हो सके।































Comments