*डीएम अंजनी कुमार सिंह का स्कूल दौरा : बच्चों के बीच बैठकर जानी पढ़ाई की असली तस्वीर*

लखीमपुर खीरी , 60

*कक्षा में खुद बने शिक्षक, बच्चों से संवाद कर परखा अधिगम स्तर, दिए निर्देश*

लखीमपुर खीरी, 25 अप्रैल। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह शनिवार को विकास क्षेत्र लखीमपुर के प्राथमिक विद्यालय राजापुर पहुंच गए। डीएम के अचानक पहुंचने से विद्यालय में हलचल जरूर दिखी, लेकिन उन्होंने पूरे निरीक्षण को गंभीरता और गहराई से अंजाम दिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने सर्वप्रथम कक्षा-5 में चल रही स्मार्ट क्लास का अवलोकन किया। स्मार्ट टीवी पर पढ़ाई जा रही विषय वस्तु पर उन्होंने बच्चों से प्रश्न पूछे, जिनका विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ सही उत्तर दिया।
इसके बाद डीएम ने बच्चों से सीधे संवाद कर उनके शैक्षिक स्तर की जांच की। इस दौरान वे स्वयं शिक्षक की भूमिका में नजर आए और बच्चों को समझाते हुए भी देखे गए।

*होनहार छात्र अनमोल की सराहना*
होनहार छात्र अनमोल ने गणित विषय में महत्तम समापवर्तक और लघुत्तम समापवर्त्य से जुड़े प्रश्नों के सटीक उत्तर देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने उसकी सराहना करते हुए शिक्षक-अभिभावक बैठक में सम्मानित करने के निर्देश दिए। अन्य विद्यार्थियों का अधिगम स्तर भी संतोषजनक पाया गया।

डीएम ने अन्य कक्षाओं में पहुंचकर भी पठन-पाठन की गुणवत्ता, शिक्षण व्यवस्था और बच्चों की सहभागिता का बारीकी से निरीक्षण किया और छात्रों से घुल-मिलकर संवाद किया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मिड डे मील की भी जांच की और स्वयं भोजन की गुणवत्ता परखी, जो मानकों के अनुरूप पाई गई।

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Comments

Back to Top