*रेलवे क्रॉसिंग बंद होने पर किसानों का आंदोलन तेज*

लखीमपुर खीरी , 31

लखीमपुर खीरी। जनपद के मैलानी क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग बंद किए जाने के विरोध में किसानों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। भारतीय किसान मजदूर यूनियन (सिंघानिया) ने इस मुद्दे को लेकर रेलवे प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की है।

यूनियन द्वारा दिए गए मांग पत्र के अनुसार, ग्रामसभा मटेहिया, बोझवा और दौलतपुर क्षेत्र की रेलवे क्रॉसिंग को बंद किए जाने से स्थानीय किसानों और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर बांधवा, मटेहिया और दौलतपुर की क्रॉसिंग बंद होने से किसानों को अपने खेतों तक ट्रैक्टर-ट्रॉली और कृषि उपकरण ले जाने में दिक्कत हो रही है, जिससे खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है।

संगठन का कहना है कि 15 अप्रैल 2026 से इन क्रॉसिंगों को बंद करने के विरोध में लगातार धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशन में यह आंदोलन चल रहा है और इसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हो रहे हैं।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही रेलवे प्रशासन द्वारा इन क्रॉसिंगों को नहीं खोला गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही 1 मई 2026 (मजदूर दिवस) के अवसर पर लखनऊ में प्रस्तावित प्रदेश सम्मेलन को स्थगित कर “रेल रोको आंदोलन” शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।

यूनियन ने अपने ज्ञापन में प्रशासन से मांग की है कि किसानों की समस्याओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित रेलवे क्रॉसिंगों को तत्काल प्रभाव से खोला जाए, ताकि किसानों की आजीविका और क्षेत्र की आम जनता को राहत मिल सके।

फिलहाल, इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और सभी की नजरें रेलवे प्रशासन के आगामी फैसले पर टिकी हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top