नगर पालिका बोर्ड बैठक में जनहित के मुद्दे उठाए गए

लखीमपुर खीरी , 21

(विश्वकांत त्रिपाठी/केके शुक्ला)

पलिया कलाँ खीरी। नगर पालिका परिषद की आज आयोजित बोर्ड बैठक में वार्ड 14 के सभासद गौरव गुप्ता द्वारा नगर एवं वार्ड की जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।

सभासद ने नगर में हाउस टैक्स की लगातार बढ़ती दरों पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे नियंत्रित कर पूर्व दरों पर स्थिर करने की मांग की। साथ ही खाली प्लॉटों पर लगाए जा रहे हाउस टैक्स को अन्यायपूर्ण बताते हुए इसे समाप्त करने का प्रस्ताव रखा।

उन्होंने जल कनेक्शन शुल्क में अत्यधिक वृद्धि को जनविरोधी बताते हुए इसमें कमी लाने तथा पारदर्शी एवं न्यायसंगत दर निर्धारित करने की मांग की। इसके अतिरिक्त सेप्टिक टैंक सफाई शुल्क को भी पूर्व निर्धारित ₹2000 से ₹2500 के आसपास करने का सुझाव दिया।

जन्म प्रमाण पत्र जारी करने में हो रही देरी को गंभीर समस्या बताते हुए उन्होंने समयबद्ध व्यवस्था लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

बैठक में वार्ड के लंबित विकास कार्यों को भी प्रमुखता से उठाया गया। इनमें तौले जी के मकान से राजीव गुप्ता जी के मकान तक सीसी रोड एवं नाला निर्माण, सतीश गुप्ता जी के मकान से रमेश मिश्रा (ठेकेदार) के मकान तक सड़क एवं नाली निर्माण तथा काली माता मंदिर के समीप सड़क एवं नाली निर्माण कार्य शामिल हैं। इन सभी कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की गई।

इसके अतिरिक्त नगर में मौसमी बीमारियों की रोकथाम हेतु नियमित रूप से कीटनाशक दवाओं के छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

अंत में सभासद गौरव गुप्ता ने सभी प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार करते हुए शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने का अनुरोध किया, जिससे नगरवासियों को राहत मिल सके।

Related Articles

Comments

Back to Top