फर्जी मुकदमा दर्ज कर दुकान हड़पने और जान से मारने की धमकी का आरोप
लखीमपुर खीरी Apr 14, 2026 at 06:50 PM , 38लखीमपुर खीरी।शहर के संकट देवी रोड स्थित श्री जयेन्द्र बाल एवं महिला सदन' की प्रबंधिका श्रीमती अनारकली शुक्ला ने कोतवाली सदर पुलिस को तहरीर देकर भू-माफियाओं के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि कुछ लोग फर्जी दस्तावेजों के सहारे उनकी दुकानों पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनारकली शुक्ला पत्नी स्व. कुबेरशंकर शुक्ला की संपत्ति पर 'निर्मल शर्मा' नाम के एक व्यक्ति किराएदार थे। निर्मल शर्मा ने संपत्ति को लेकर न्यायालय में एक वाद दायर किया था, जिसे कोर्ट ने 18. फ़रवरी.2017 को निरस्त कर दिया था। इसके खिलाफ की गई अपील भी 11. दिसम्बर .2018 को खारिज हो चुकी है।तहरीर में आरोप लगाया गया है कि निर्मल शर्मा की मृत्यु के बाद, उनके विधिक उत्तराधिकारी अमन शर्मा ने शहर के कथित भू-माफिया गोविन्द प्रसाद गुप्ता और दिलीप कुमार के साथ मिलकर एक गहरी साजिश रची। आरोप है कि इन लोगों ने मिलीभगत कर एक फर्जी मुकदमा दायर किया और धोखाधड़ी के जरिए 'श्री जयेन्द्र बाल एवं महिला सदन' की दुकानों को हड़पने का प्रयास किया।
दीवार तोड़कर कब्जे की कोशिश
घटना 13 अप्रैल 2026 की दोपहर लगभग 3:25 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि गोविन्द प्रसाद गुप्ता, दिलीप कुमार और उनके अन्य साथियों ने दुकान की पिछली दीवार तोड़कर सामान निकालने और उस पर कब्जा करने की कोशिश की। जब प्रार्थिनी और उनके कर्मचारियों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही, उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
कार्रवाई की मांग
पीडिता श्रीमती अनारकली शुक्ला ने कोतवाली प्रभारी को पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस पत्र की प्रतियां मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश और पुलिस अधीक्षक लखीमपुर खीरी को भी आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई हैं।































Comments