हरदोई के जिला पंचायत सदस्य दंपति पर जानलेवा हमला,आलमबाग इलाके में दहशत

जनपत की खबर , 573

लखनऊ !उत्तर प्रदेश की राजधानी में सोमवार रात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग से आलमबाग इलाके में दहशत फैला दी। हमलावर हरदोई से जिला पंचायत सदस्य दंपति को जान से मारने आए थे। हमले में जिला पंचायत सदस्य के ड्राइवर को गोली लगी है। वहीं दंपति बाल बाल बच गए हैं। गंभीर अवस्था में चालक को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उधर, हमलावर करीब 10 से ज्यादा राउंड फायरिंग कर भाग निकले। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।दरअसल, हरदोई जिले के कछौना प्रथम से सुरेंद्र कालिया और कछौना द्धितीय से उनकी पत्नी जिला पंचायत सदस्य हैं। सोमवार को सुरेंद्र कालिया पत्नी के साथ लखनऊ आए थे। दोनों रेलवे में ठेकेदारी करने वाले जुबेर सिद्दीकी को एक निजी अस्पताल में देखने आए थे। अस्पताल से जुबेर को देखने के बाद दंपति वापस जा रहे थे। इसी बीच पहले से घात लगाए दो बदमाशों ने अजंता अस्पताल के सामने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दंपति ने किसी तरह छिपकर अपनी जान बचाई।हालांकि, गोलीबारी में उनका चालक रूपराम घायल हो गया। रूपराम के पैर व पेट में गोली लगी है। फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। जानकारी पाकर पहुंची आलमबाग पुलिस ने रूपराम को पहले अजंता अस्पताल में भर्ती कराया।प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। प्रारंभिक छानबीन में जमीन व टेंडर के विवाद में हमले की आशंका जताई जा रही है। हमला किसने किया यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सुरेंद्र कालिया व उनकी पत्नी से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि रंजिश, जमीन व टेंडर विवाद, लेन देन समेत अन्य बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। घायल की हालत खतरे से बाहर है। तहरीर के आधार पर एफआइआर दर्ज कर बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा। घटनास्थल के आसपास लगे सीसी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्दी वारदात का राजफाश कर लिया जाएगा।

Related Articles

Comments

Back to Top