DM लखनऊ विशाख G की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक सम्पन्न, औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं एवं निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की हुई समीक्षा

अन्य खबरे , 17

लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश

लखनऊ, 26 नवम्बर 2026।
जिलाधिकारी लखनऊ श्री विशाख जी0 की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों, उद्यमियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। बैठक में जनपद के औद्योगिक क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, उद्यमियों की समस्याओं तथा निवेश से संबंधित विभिन्न लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में निवेश मित्र पोर्टल 2.0 एवं 3.0 पर लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्य रूप से हाउसिंग, फिल्म बन्धु, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीडा सहित अन्य विभागों से संबंधित निर्धारित समय-सीमा से अधिक लंबित प्रकरणों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि निवेश मित्र पोर्टल पर प्रदर्शित समस्त लंबित प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा करते हुए उनका निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। उन्होंने पोर्टल 2.0 पर लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने अथवा नियमानुसार उन्हें पोर्टल 3.0 पर स्थानांतरित कराते हुए निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

अमौसी एवं नादरगंज औद्योगिक क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। पूर्व में आयोजित बैठकों में लिए गए निर्णयों के क्रम में औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत केबलों को व्यवस्थित करने एवं डक्ट निर्माण के संबंध में यूपीसीडा एवं विद्युत विभाग की संयुक्त तकनीकी टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण एवं आवश्यक तकनीकी परीक्षण किया गया था। समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि केबल शिफ्टिंग एवं डक्ट निर्माण के कार्य हेतु विद्युत विभाग द्वारा प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार कर यूपीसीडा को उपलब्ध करा दिया गया है, जिसे स्वीकृति हेतु यूपीसीडा मुख्यालय प्रेषित किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यालय स्तर से स्वीकृति के संबंध में अद्यतन प्रगति से समिति को अवगत कराया जाए।

सरोजनी नगर औद्योगिक क्षेत्र की आंतरिक अवस्थापना सुविधाओं एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति की समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि आंतरिक सड़कों की खराब स्थिति एवं जलभराव की समस्या के कारण औद्योगिक इकाइयों के संचालन, माल के आवागमन तथा औद्योगिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इस संबंध में सड़क मरम्मत एवं जलभराव की समस्या के समाधान हेतु प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए सड़क का रेस्टोरेशन 15 दिसम्बर तक सुनिश्चित करने के निर्देश अधिशाषी अभियंता जल निगम को दिए गए। 

बैठक में औद्योगिक संगठनों/निवेशकों/उद्यमियों द्वारा उठाये विभिन्न प्रकरणों पर चर्चा की गयी तथा उनके नियमानुसार त्वरित निस्तारण हेतु जिलाधिकारी द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

बैठक में अपर नगर आयुक्त, उप निदेशक कारखाना, उपायुक्त उद्योग, जिला आपूर्ति अधिकारी, यूपीसीडा, प्रदूषण नियंत्रण विभाग, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास परिषद, नगर निगम, जल निगम सहित उद्योगों से संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि तथा औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top