कोविड-19 प्रबंधन हेतु गठित टीम-09 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देश

हेडलाइंस , 358

लखनऊ।

● कोरोना महामारी से प्रदेश को सुरक्षित रखने की दिशा में लगातार किए जा रहे प्रयासों के अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। देश में सबसे ज्यादा कोविड टेस्ट करने वाले उत्तर प्रदेश में 30 अप्रैल के 03 लाख 10 हजार 783 मरीजों की पीक की स्थिति के सापेक्ष आज एक माह में 91.8 फीसदी की गिरावट हो गई है। वर्तमान में 25,546 कोरोना केस एक्टिव हैं। हमारी रिकवरी दर 97.4% हो गई है।

 ● जिस प्रदेश के बारे में विशेषज्ञों ने आशंका व्यक्त की थी कि यहां मई में हर दिन एक लाख से अधिक नए कोरोना मरीज सामने आएंगे, वहां बीते 24 घंटो में 1,268 मरीज पाए गए हैं। दैनिक मरीजों की यह संख्या 24 अप्रैल को आये 38,055 मरीजों की पीक स्थिति के सापेक्ष 96.7 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। बीते 24 घंटों में 4,260 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए हैं। इस तरह अब तक कुल 16 लाख 41 हजार प्रदेशवासी कोरोना से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं।

● ट्रेस, टेस्ट और ट्रीट की नीति के अनुरूप उत्तर प्रदेश की नीति के संतोषप्रद परिणाम मिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश एक मात्र राज्य है जिसने 05 करोड़ से अधिक कोविड टेस्ट किये हैं। कोरोना की रोकथाम के प्रति यह हमारी प्रतिबद्धता का परिचायक है। पिछले वर्ष जब कोविड का पहला केस आया था, तब हमारे पास टेस्टिंग फैसिलिटी नहीं थी। एनआइवी पुणे में सैम्पल भेज कर टेस्ट कराया गया, आज हम तीन लाख से साढ़े तीन लाख टेस्ट हर दिन कर कर रहे हैं। 

● कोरोना के कम होते संक्रमण दर के दृष्टिगत विगत दिवस 600 एक्टिव केस से कम संख्या वाले 64 जनपदों को कोरोना कर्फ्यू से छूट दी गई थी। ताजा स्थिति के अनुसार *झांसी* जनपद में कुल एक्टिव केस की संख्या 600 से कम हो गई है। ऐसे में अब यहां भी सप्ताह में पांच दिन सुबह 07 बजे से सायं 07 बजे तक कोरोना कर्फ्यू से छूट दी जाए। साप्ताहिक व रात्रिकालीन बन्दी सहित अन्य सभी संबंधित नियम इन जिलों में लागू होंगे।

● कोविड महामारी की वर्तमान परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आदरणीय प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है की वर्तमान शैक्षिक सत्र में माध्यमिक शिक्षा परिषद की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा का आयोजन नहीं होगा। इस संबंध में विस्तृत नियमावली और अन्य दिशा-निर्देश यथाशीघ्र जारी कर दिए जाएं। 

● बेहतर होती स्थिति के दृष्टिगत जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर कोविड प्रोटोकाल के साथ ओपीडी एवं आईपीडी सेवाएं 04 जून से प्रारंभ की जा रही हैं। ऑपरेशन भी हो सकेंगे। अधिकाधिक लोगों को ई-संजीवनी अथवा टेलीकन्सल्टेशन के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जाए। विशेष परिस्थितियों में ही ओपीडी में मरीज आएं। किसी भी दशा में कहीं भी कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन न हो। 

● ऑक्सीजन वेस्टेज को न्यूनतम  रखने के लिए प्रदेश के सात प्राविधिक शिक्षण संस्थानों द्वारा कराए गए ऑक्सीजन ऑडिट के अच्छे परिणाम मिले हैं। इस रिपोर्ट को सम्बंधित अस्पतालों को उपलब्ध कराया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी ऑक्सीजन की अनावश्यक खपत न हो। वर्तमान में सभी जिलों में ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता है। औद्योगिक इकाइयों की ऑक्सीजन जरूरतों को पूरा करने में हर संभव मदद करें। 

● कोविड वैक्सीनेशन संक्रमण से बचाव का सुरक्षा कवर है। केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तर प्रदेश सरकार सभी नागरिकों का यथाशीघ्र टीका-कवर देने के लिए संकल्पित है। अब तक प्रदेश में 01 करोड़ 90 लाख 48 हजार 748 डोज लगाए जा चुके हैं। अब सभी जिलों में 18+ आयु के लोगों का वैक्सीनेशन हो रहा है। बीते 24 घंटे में साढ़े तीन लाख लोगों ने टीका-कवर प्राप्त किया। दैनिक वैक्सीनेशन क्षमता में वृद्धि को लेकर सभी जरूरी कदम उठाए जाएं।

● देश के कतिपय क्षेत्रों के साथ-साथ प्रदेश के कुछ ज़िलों से टीकाकरण में लापरवाही अथवा शरारतपूर्ण गतिविधियों की जानकारी आई है। यह कतई उचित नहीं है। इन घटनाओं को आपराधिक मानते हुए दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Comments

Back to Top