रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का दो दिवसीय लखनऊ दौरा आज, भाजपा पदाधिकारियों से करेंगे संवाद

जनपत की खबर , 6

मोर्चा, आईटी और सोशल मीडिया टीम के मनोनीत पदाधिकारियों के साथ होगी बैठक, गुरुद्वारे में मत्था टेककर लेंगे गुरु पर्व में हिस्सा

लखनऊ। रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह 23 एवं 24 नवंबर को दो दिवसीय लखनऊ प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ ही जनसंपर्क करेंगे और शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करेंगे। उनके दौरे का प्रमुख कार्यक्रम भाजपा लखनऊ महानगर के मोर्चा, आईटी एवं सोशल मीडिया के मनोनीत पदाधिकारियों के साथ संवाद और बैठक का रहेगा।

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने बताया कि 23 नवंबर को रक्षा मंत्री सुबह 11:40 बजे से विभिन्न शोकाकुल परिवारों से मुलाकात करेंगे। दोपहर 12:45 बजे वह कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास लौटेंगे। इसके बाद अपराह्न चार बजे विश्वेश्वरैया हॉल पहुंचेंगे, जहां शाम चार से पांच बजे तक भाजपा लखनऊ महानगर के मोर्चा, आईटी एवं सोशल मीडिया टीम के मनोनीत पदाधिकारियों के साथ बैठक एवं संवाद करेंगे।

बैठक के बाद शाम 5:10 बजे से पुनः विभिन्न शोकाकुल परिवारों से मुलाकात करेंगे और 5:50 बजे आवास लौटेंगे। शाम 7:35 बजे सूर्य ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट, कैंट में निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद 7:50 बजे दिलकुशा मैरिज लॉन पहुंचकर एक अन्य निजी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। रात्रि 8:05 बजे कालिदास मार्ग स्थित आवास लौटेंगे।

वहीं, 24 नवंबर को सुबह 10:30 बजे राजनाथ सिंह याहियागंज गुरुद्वारा पहुंचेंगे। यहां श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर मत्था टेकेंगे। इसके बाद सुबह 11:10 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

रक्षा मंत्री के इस प्रवास को संगठनात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा के विभिन्न मोर्चों और आईटी एवं सोशल मीडिया टीम के पदाधिकारियों के साथ उनका संवाद संगठन की गतिविधियों और आगामी रणनीतियों के लिहाज से अहम रहेगा।

Related Articles

Comments

Back to Top