डीजीपी राजीव कृष्ण ने पुलिस मुख्यालय में किया वृक्षारोपण, 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत यूपी पुलिस ने एक दिन में 10 लाख पौधे लगाने का लिया संकल्प
जनपत की खबर Jul 12, 2026 at 04:35 PM , 28लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने शनिवार को गोमतीनगर विस्तार स्थित पुलिस मुख्यालय परिसर में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत आयोजित 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर प्रदेशभर में एक ही दिन 35 करोड़ पौधारोपण के महाअभियान के क्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस ने भी उल्लेखनीय भागीदारी निभाते हुए एक ही दिन में 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया। पुलिस विभाग इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से कम से कम एक पौधा लगाने, उसके संरक्षण का संकल्प लेने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो प्रदेश को हरित और स्वच्छ बनाने का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, पुलिस महानिदेशक रेलवे, पुलिस महानिदेशक आर्थिक अपराध शाखा, अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था, लॉजिस्टिक, मानवाधिकार, अपराध एवं यातायात, फायर सर्विस, प्रशासन एवं कार्मिक सहित पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

































Comments